चेकिंग स्टाफ के साथ हो रहे शोषण एवं अन्याय का आरोप लगाकर गरजी एनआरएमयू
मुरादाबाद, 12 जून (हि.स.)। नॉर्दन रेलवे मेंस यूनियन (एनआरएमयू) ने चेकिंग स्टाफ के साथ अन्याय, शोषण तथा ड्यूटी रोस्टर में लगातार की जा रही अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के कार्यालय के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन कर न्याय की मांग की गई।
एनआरएमयू के मंडल मंत्री राजेश चौबे के निर्णयानुसार नॉर्दर्न रेलवे मेन्स यूनियन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं भारी संख्या में टिकट चेकिंग स्टाफ भोजन अवकाश के दौरान एनआरएमयू कार्यालय में एकत्रित हुए। इसके उपरांत कर्मचारियों ने नारे लगाते हुए रैली निकाली और मंडल रेल प्रबंधक तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्यालय के समीप पहुंचकर प्रदर्शन किया।
इस दौरान कर्मचारियों ने टिकट चेकिंग स्टाफ का शोषण एवं अत्याचार बंद करो, डीआरएम-सीनियर डीसीएम न्याय करो- न्याय करो, तुगलकी फरमान वापस लो तथा ड्यूटी रोस्टर पर निरंतर की जा रही अनियमितताएं बंद करो जैसे नारे लगाकर अपना विरोध प्रदर्शन दिखाया।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि चेकिंग स्टाफ पर अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है तथा तुगलकी आदेशों के माध्यम से उनका मानसिक एवं प्रशासनिक उत्पीड़न किया जा रहा है। साथ ही ड्यूटी रोस्टर में लगातार हो रही अनियमितताओं के कारण कर्मचारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विरोध प्रदर्शन की अध्यक्षता नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन के मंडल अध्यक्ष मनोज शर्मा ने की व संचालन सहायक मंडल मंत्री कुंवर सुहेल खालिद, शिवराज सिंह, दीपक यादव एवं आईवन एडिशन द्वारा सामूहिक किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल