एसडीएम सदर न्यायालय से बंधी के कब्जाधारकों को भेजा गया नोटिस
हमीरपुर, 04 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे एसडीएम सदर के न्यायालय से बुधवार को सिंचाई विभाग महोबा की बंधी में काबिज लोगों को नोटिस भेज कर अभिलेखों के साथ पांच फरवरी को मौजूद होने की निर्देश दिए गए हैं। नोटिस प्राप्त होते ही लोगों में हड़कंप मच गया है।
सुमेरपुर बस स्टैंड से लेकर रेलवे स्टेशन तक सिंचाई विभाग की बंधी में एक सैकड़ा लोगों ने कब्जा करके इसका नामोनिशान मिटा दिया है। बंधी में हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए हाईकोर्ट ने 2021 में आदेश पारित किया था। लेकिन यह आदेश आज तक धरातल पर नहीं लागू हो सका। सुमेरपुर कस्बे में गत माह 15 जनवरी को हुए लव जिहाद, दुष्कर्म, धर्मांतरण के दबाव की घटना के बाद आरोपियों के परिजनों के व्यावसायिक भवन सिंचाई विभाग की बंधी को ध्वस्त करके बनाए गए हैं। हिंदूवादी संगठनों ने इस भवन को ढ़हाने की जोरदार मांग की थी। घटना के 10 दिन बाद एसडीएम सदर के न्यायालय से कब्जा धारकों को नोटिस भेज कर पांच फरवरी को अभिलेखों के साथ हाजिर होने के लिए निर्देशित किया गया है। नोटिस मिलने से कब्जा धारकों में हड़कंप मच गया है। लोग जरूरी अभिलेख खंगालने में जुट गए। बताते हैं कि सुमेरपुर बस स्टैंड से लेकर रेलवे स्टेशन तक के एक सैकड़ा लोगों को नोटिस प्राप्त हुआ है। एसडीएम सदर केडी शर्मा ने बताया कि सिंचाई विभाग की बंधी पर अवैध कब्जा करने वालों को नोटिस दी गई है। दस दिन में नोटिस का जवाब न मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा