पांच जर्जर भवनों पर नोटिस चस्पा, की गई बैरिकेटिंग
मुरादाबाद, 09 सितम्बर (हि.स.)। जनपद में लगातार हुई बारिश के बाद जर्जर और क्षतिग्रस्त भवनों से हादसे का खतरा देखते हुए नगर निगम ने बुधवार काे शहर में अभियान चलाया। निर्माण विभाग की टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में पुराने और जर्जर मकानों का निरीक्षण कर पांच भवनों के खिलाफ कार्रवाई की। भवन स्वामियों को नियमानुसार नोटिस जारी किए गए और जरूरत वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग व सीलिंग की कार्रवाई भी की गई। नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने कहा कि आम जनमानस की सुरक्षा की दृष्टि से यह कार्रवाई की गई है।
नगर आयुक्त ने बताया कि वार्ड-62 के मोहल्ला रफतपुरा में मैदान वाली मस्जिद के पास आसिफ, नाजिम पहलवान और याकूब के जर्जर भवन को चिह्नित किया गया। इसी वार्ड में कब्रिस्तान के पास मुबारिल तथा मैदान वाली मस्जिद के पास गालिब के भवन के खिलाफ भी कार्रवाई हुई। वार्ड-19 की कृष्णा आश्रम वाली गली में एसएन पाठक और वीरेंद्र के जर्जर भवन भी कार्रवाई की सूची में शामिल रहे। नगर निगम की टीम ने इन मकानों को खाली कराया और नोटिस चस्पा किए। नगर निगम ने हाल में जामा मस्जिद क्षेत्र में हमसफर मैरिज हॉल के पास जर्जर भवन के धराशायी होने की घटना के बाद अभियान तेज किया है।
नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने अधिकारियों को बारिश के दौरान जर्जर भवनों की लगातार निगरानी और प्राथमिकता के आधार पर निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। जरूरत पड़ने पर बैरिकेडिंग, सीलिंग समेत अन्य सुरक्षा कार्रवाई तत्काल करने को कहा गया है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल