प्रयागराज मण्डल ने वित्तीय वर्ष में कई क्षेत्राें में प्राप्त की उल्लेखनीय उपलब्धियां : मंडल रेल प्रबंधक
प्रयागराज, 04 अप्रैल (हि.स)। मण्डल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने शनिवार काे प्रयागराज मण्डल कार्यालय के संकल्प सभागार में वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रमुख उपलब्धियों के सम्बंध में प्रेस वार्ता की। उन्होंने बताया कि प्रयागराज मण्डल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में रेल परिचालन, माल ढुलाई तथा यात्री सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त की हैं। समयपालन में सुधार, ट्रेनों की संचालन क्षमता में वृद्धि तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया।
उन्होंने बताया कि स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का विस्तार एवं सुरक्षा उपायों को सुदृढ़ करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। मण्डल द्वारा स्वच्छता, संरक्षा एवं यात्री संतुष्टि को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने बताया कि फ्रेट लोडिंग में पिछले वर्ष 44.54 एमटी से 7.39 प्रतिशत अधिक है। अनलोडिंग के आधार पर प्रयागराज मंडल का स्थान 9वां रहा। वित्तीय वर्ष में 13,779 ट्रेन ऑन डिमांड सहित कुल 1,46,832 ट्रेनों का संचालन किया गया। माघ मेला के दौरान 599 आउटवर्ड ट्रेनों एवं 205 इनवर्ड ट्रेनों का संचालन किया गया।
माघ मेला के दौरान कुल 804 विशेष ट्रेनों एवं 7490 नियमित ट्रेनों का संचालन किया गया। 13 जोड़ी ट्रेनों को कानपुर सेंट्रल से गोविन्दपुरी स्टेशन पर शिफ्ट किया गया। 06 जोड़ी ट्रेनों की गति बढ़ाकर 130 किमी/घंटा की गई। 11 जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों का विस्तार किया गया। 18 नई ट्रेन जोड़ी का परिचालन शुरू किया गया। कालिंदी एक्सप्रेस में कोच संख्या 17 से बढ़ाकर 22 की गई।
डीआरएम ने बताया कि कोचिंग ट्रेनों की समयपालनता 80 प्रतिशत रही, जो पिछले वर्ष से 7.8 प्रतिशत अधिक है। कुल 2753 करोड़ रुपए आय अर्जित की गई। जिसमें 7.40 करोड़ यात्रियों का परिवहन किया गया। अब तक की सर्वश्रेष्ठ माल भाड़ा आय 843.63 करोड़ रुपये है, जो पिछले रिकॉर्ड 812.04 करोड़ रुपये से 3.9 प्रतिशत अधिक है।
--संरक्षा एवं सुरक्षा पहल उन्होंने आगे बताया कि 09 लेवल क्रॉसिंग गेट बंद किए गए इससे संरक्षा और यातायात सुगमता में वृद्धि हुई। 32 स्टेशनों पर हाई-लेवल प्लेटफॉर्म बनाने के लिए 29 कार्य स्वीकृत हुए। 09 स्टेशनों पर फुट ओवर ब्रिज के रिप्लेसमेंट के लिए 08 कार्य स्वीकृत किए गए। 21 स्टेशनों पर नए एफओबी के निर्माण हेतु 13 कार्य स्वीकृत किए गए। स्टेशनों पर लगभग 950 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। कवच प्रणाली 4.0 का प्रयागराज-कानपुर सेक्शन में 190 रूट किमी कमीशन की गई ।
--यात्री सुविधाओं में विस्तार08 अमृत भारत स्टेशनों का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। 06 जोड़ी ट्रेनों की गति बढ़ाकर 130 किमी/घंटा की गई। अमृत भारत, वंदे भारत एवं राजधानी सहित 18 जोड़ी नई गाडियां चलाई गई हैं। 32 करोड़ की लागत से नए यात्री स्टेशन जीएमसी सैटेलाइट निर्माण कार्य स्वीकृत हुआ। इसमें स्टेशन विकास पर 20 करोड़ रुपये एवं फुट ओवर ब्रिज पर 12 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यात्रियों की चिकित्सा सहायता हेतु प्रयागराज छिवकी, अलीगढ़ एवं कानपुर सेंट्रल में ‘दवा-दोस्त’ स्टॉल एवं मिर्ज़ापुर में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र शुरू किया गया।
--सुरक्षा विभाग की उपलब्धियांआपरेशन सतर्क के अंतर्गत 79 मामलों का खुलासा किया गया, 95 व्यक्तियों को पकड़ा गया एवं 33,64,085 रुपये मूल्य की शराब बरामद की गई। इसके अंतर्गत ई-टिकट के अवैध कारोबार के विरुद्ध 09 मामलों में 09 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर 140 अवैध ई-टिकटों की बरामद कर 28 व्यक्तिगत यूजर आईडी ब्लॉक की गई। मेरी सहेली अभियान के अंतर्गत 4,52,206 महिला यात्रियों को सहायता प्रदान की। नन्हे फरिश्ते अभियान के अंतर्गत 500 बच्चों को बचाकर उनके परिवारों या संबंधित संस्थाओं को सौंपा गया।
इस अवसर पर अपर मण्डल रेल प्रबंधक सामान्य दीपक कुमार, अपर मण्डल रेल प्रबंधक परिचालन मो. मुबश्शिर वारिस, अपर मंडल रेल प्रबंधक इन्फ्रा धनंजय कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक समन्वय, अकांशु गोविल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कोचिंग हरिमोहन, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर अंकित गुप्ता एवं वरिष्ठ जनसम्पर्क अधिकारी अमित मालवीय आदि उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र