पंजाब मेल में छेड़छाड़ के आरोपित टीटीई पर कसा शिकंजा, चार्जशीट जारी

 


मुरादाबाद, 10 नवम्बर (हि.स.)। पंजाब मेल में महिला यात्री से छेड़छाड़ के आरोप में घिरे टीटीई रवि मीणा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रेलवे प्रशासन ने विभागीय जांच पूरी करने के बाद आरोपित टीटीई के खिलाफ चार्जशीट जारी कर दी है। अब उसे अपने ऊपर लगे आरोपों का जवाब देना होगा। जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर उसके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जा सकती है।

वहीं, पंजाब पुलिस भी मामले की जांच कर रही है। घटना 20 सितंबर 2026 की है। हावड़ा से अमृतसर जा रही पंजाब मेल (13005) में सफर कर रही एक महिला ने मुरादाबाद रेल मंडल में तैनात टीटीई रवि मीणा पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। महिला ने अमृतसर जीआरपी थाने में शिकायत की थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद 21 अक्टूबर को पंजाब पुलिस आरोपित की तलाश में मुरादाबाद पहुंची थी लेकिन वह ड्यूटी पर दूसरी ट्रेन लेकर लखनऊ रवाना हो गया। रेलवे प्रशासन ने मामले में विभागीय जांच कराई। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने मंगलवार को बताया कि आरोपपत्र जारी किया गया है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल