विजयदशमी पर मुरादाबाद महानगर में भारी वाहनाें की नो एंट्री

 


- बसों और अन्य बड़े वाहनों के ठहराव के स्थान भी किये गए निर्धारित

मुरादाबाद, 19 अक्टूबर (हि.स.)। मुरादाबाद के थाना मझोला क्षेत्र में लाइनपार स्थित रामलीला मैदान में मंगलवार को दशहरे पर लगने वाले विशाल मेले को देखते हुए मुरादाबाद महानगर में रूट डायवर्जन किया गया है। बड़े और हैवी वाहनों की महानगर की सीमा में नो एंट्री रहेगी उनका महानगर के एंट्री पॉइंट पर रोक दिया जाएगा या उन्हें रूट डायवर्जन से जाना होगा। इसके साथ ही

यातायात और पार्किंग व्यवस्था में बदलाव किया गया है।

पुलिस अधीक्षक यातायात रचना मिश्रा ने लोगों से निर्धारित मार्गों और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।

लाइनपार स्थित रामलीला मैदान में मंगलवार को दोपहर तीन बजे से मेला समाप्त होने तक कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। बाहर से आने वाली रोडवेज और निजी बसों के ठहराव स्थल भी निर्धारित किए गए हैं। यातायात पुलिस की ओर से जारी प्लान के अनुसार दोपहर तीन बजे से मेला समाप्त होने तक पैदल लोग कपूर कंपनी पुल की ओर से रामलीला मैदान पहुंचेंगे। यह मार्ग एकतरफा रहेगा। मेला समाप्त होने के बाद वापसी रामलीला मैदान से कपूर कंपनी रेलवे पुल की ओर से होगी। चौधरी चरण सिंह चौक से वाहन रामलीला मैदान की ओर जा सकेंगे और मंडी समिति में बनाई गई पार्किंग में खड़े किए जाएंगे। रामलीला समिति से वाहन प्रवेश अनुमति-पत्र प्राप्त वाहनों को पुतलीघर तिराहे से मैदान तक जाने की अनुमति होगी।

इन रास्तों से नहीं जाएंगे वाहन :

मानसरोवर गेट, प्रकाश नगर चौराहा, मझोली चौराहा और बुद्धि विहार से रामलीला मैदान की ओर किसी भी प्रकार के वाहन नहीं जा सकेंगे। मालगोदाम के वाहनों का संचालन दोपहर दो बजे से रात दो बजे तक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। 20 अक्टूबर की रात 11:30 बजे खुलने वाली भारी वाहनों की निषेध अवधि अब 21 तक रहेगी।

बसों के लिए भी तय कर दिये गए हैं ठहराव स्थल :

बिजनौर और कांठ की ओर से आने वाली रोडवेज बसें दोपहर दो बजे के बाद कोठीवाल डेंटल कॉलेज तक आएंगी। काशीपुर, टांडा और बाजपुर की ओर से आने वाली निजी और रोडवेज बसें काशीपुर तिराहे तक पहुंचेंगी। रामपुर और बरेली की ओर से आने वाली रोडवेज बसों का ठहराव हनुमानमूर्ति पर रहेगा, जबकि संभल, दिल्ली और बिलारी की ओर से आने वाली निजी व रोडवेज बसें आजादनगर मोड़ तक आएंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल