प्लेटफॉर्म पर भीड़ बर्दाश्त नहीं, लूट और चेन पुलिंग पर सख्ती : महानिदेशक रेलवे
कानपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। रेलवे प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए स्टेशन के बाहर ही नियंत्रण की व्यवस्था लागू की जाएगी। आउटर पर होने वाली लूट की घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। चेन पुलिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। त्योहारों और परीक्षाओं के दौरान भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष योजना लागू की जाएगी। यह बातें बुधवार को महानिदेशक रेलवे सोनाली मिश्रा ने कही।
महानिदेशक रेलवे आज कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंचीं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म और आरपीएफ थाने का दौरा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ को हर हाल में नियंत्रित किया जाए। इसके लिए यात्रियों को स्टेशन के बाहर ही रोकने और व्यवस्थित तरीके से अंदर प्रवेश देने की व्यवस्था विकसित करने को कहा गया, ताकि यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो।
उन्होंने आउटर क्षेत्र में होने वाली लूट की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही चेन पुलिंग जैसी घटनाओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए ऐसे मामलों में तत्काल और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
भीड़भाड़ वाले समय, विशेषकर त्योहारों और प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान, अतिरिक्त बल और बेहतर प्रबंधन के साथ विशेष कार्ययोजना लागू करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान महानिदेशक ने सिविल प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में विभिन्न मंडलों के रेलवे अधिकारी भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप