जौनपुर जिला प्रशासन ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं
जौनपुर, 28 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर जिले में पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला पूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही ने स्पष्ट किया है कि जनपद में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। शनिवार को उन्होंने बताया कि जिले के 275 पेट्रोल पंपों के माध्यम से लगातार डीजल और पेट्रोल की सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है। शाही के अनुसार 28 मार्च 2026 को जनपद में पेट्रोल पंपों पर 1389 किलोलीटर डीजल और 1155 किलोलीटर पेट्रोल का स्टॉक उपलब्ध था। इसके अलावा ऑयल डिपो से पंपों तक ईंधन की आपूर्ति लगातार जारी है। किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है।उन्होंने बताया कि 27 मार्च को अचानक पेट्रोल-डीजल की मांग बढ़ने से बिक्री में उछाल आया था। इस कारण जिले के 16 पेट्रोल पंपों पर अस्थायी रूप से स्टॉक खत्म हो गया था। हालांकि तेल कंपनियों ने तत्काल आपूर्ति शुरू कर दी है और अब स्थिति तेजी से सामान्य हो रही है। जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों के कारण लोग घबराकर पंपों पर भीड़ लगा रहे हैं। इससे अनावश्यक दबाव बन रहा है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे केवल जरूरत के अनुसार ही ईंधन लें और किसी भी प्रकार का भंडारण न करें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। सभी पंपों पर ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव