सड़कों की मरम्मत और सफाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समय से पूरे हों विकास कार्य : जिलाधिकारी
कानपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में सड़क मरम्मत, स्वच्छता और विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा कराया जाए। जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। यह निर्देश रविवार देर रात निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी, नगर आयुक्त और मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को दिए।
अधिकारियों ने शहर के विभिन्न मार्गों, निर्माण कार्यों और स्वच्छता व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान परेड मार्ग पर सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई। जंक्शन पॉइंट की समस्याओं का निस्तारण कर मार्ग को प्राथमिकता के आधार पर चलने योग्य बनाने और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। फुटपाथ पर स्ट्रीट वेंडिंग योजना के तहत अधिकृत विक्रेताओं के लिए व्यवस्थित स्थान तय करने की कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा गया, ताकि अनधिकृत कब्जों और राजस्व की क्षति को रोका जा सके।
टेफ्को के निकट मुख्य मार्ग पर स्थित कूड़ा संवेदनशील स्थल का निरीक्षण कर जिलाधिकारी ने गमले लगवाने और स्थल का सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य मार्ग पर कूड़ा एकत्र न होने देने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा।
स्वरूप नगर स्थित राजीव पेट्रोल पंप के पास नगर निगम की ओर से कराए जा रहे पैचवर्क का निरीक्षण किया गया। सड़क क्षतिग्रस्त मिलने और चौराहे पर गड्ढे पाए जाने पर तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। अधिशासी अभियंता मीनाक्षी अग्रवाल ने करीब 180 मीटर पैचवर्क प्रस्तावित होने की जानकारी दी। अधिकारियों को अस्थायी अतिक्रमण और अवैध होर्डिंग हटाने के साथ चौराहे का सौंदर्यीकरण कराने को कहा गया।
कंपनी बाग चौराहे से चिड़ियाघर की ओर जाने वाले करीब 5.1 किलोमीटर मार्ग को पूरी तरह चलने योग्य बनाने के निर्देश दिए गए। इसके लिए लोक निर्माण विभाग को जल निगम, मेट्रो, नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। इसके बाद लोक निर्माण विभाग की ओर से कराए गए पैचवर्क वाले मार्ग का भी निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान थाना बजरिया के निकट वार्ड संख्या-3, चुन्नीगंज में लोक निर्माण विभाग की ओर से कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य का जायजा लिया गया। सड़क की एक तरफ का निर्माण पूरा मिला। अधिकारियों को शेष कार्य निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूरा कराने और नगर निगम से समन्वय स्थापित कर अभियान चलाकर अस्थायी अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप