जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी, समयबद्ध कार्रवाई करें अधिकारी : महापौर

 


कानपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। जोन-6 के वार्डों में विकास कार्यों और जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करना होगा। यह बातें गुरुवार को महापौर प्रमिला पाण्डेय ने नगर निगम मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में कहीं।

नगर निगम मुख्यालय स्थित समिति कक्ष में महापौर प्रमिला पाण्डेय और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय की संयुक्त अध्यक्षता में जोन-6 के पार्षदों तथा अभियंत्रण, जलकल, स्वास्थ्य, राजस्व, मार्ग प्रकाश एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की सड़क, सीवर, सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, कूड़ा निस्तारण और अतिक्रमण से जुड़ी समस्याएं उठाईं, जिनके समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में सफाई कर्मचारियों की कमी, हाथ कूड़ा गाड़ियों और रिक्शों की उपलब्धता, जेटिंग मशीनों की खराब स्थिति, सीवर लाइन क्षतिग्रस्त होने, स्ट्रीट लाइटों के खराब रहने, कूड़ा अड्डों की व्यवस्था, जलापूर्ति, सम्पवेल की क्षमता, नालों की सफाई तथा विकास कार्यों में देरी जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठे। अपर नगर आयुक्त जगदीश यादव ने बताया कि 10 से 15 दिनों के भीतर हाथ कूड़ा गाड़ियां और रिक्शों की व्यवस्था कर दी जाएगी।

महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिकारी अथवा कर्मचारियों से दुर्व्यवहार करने वाले सफाई कर्मी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो, इसके लिए आवश्यकतानुसार अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली जाएं। उन्होंने नालों पर हुए अतिक्रमण हटाने, बंद स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र ठीक कराने, सीवर समस्याओं के त्वरित समाधान तथा श्रावण मास के दौरान प्रमुख मंदिरों के आसपास विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में कई पार्षदों ने मेट्रो निर्माण के कारण क्षतिग्रस्त हुई सीवर लाइनों, जाम नालों और खराब सड़कों का मुद्दा भी उठाया। इस पर महापौर ने नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि मेट्रो अधिकारियों के साथ अलग से बैठक कर संबंधित वार्डों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाए।

बैठक में नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार एवं जगदीश यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जोन-6 के पार्षद उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप