अब मौन नहीं, धर्मांतरण के षड्यंत्र के खिलाफ निर्णायक संघर्ष का समय : राजू पोरवाल

 


कानपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। देश अब मौन नहीं रह सकता, धर्मांतरण के षड्यंत्र के खिलाफ निर्णायक संघर्ष का समय आ गया है। प्रलोभन, दबाव और छल के माध्यम से युवाओं को निशाना बनाना बेहद चिंताजनक है। यह केवल आस्था का विषय नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा बन चुका है। इसे रोकने के लिए सख्त कानून और व्यापक जनजागरण जरूरी है। यह बातें गुरुवार को प्रांत मंत्री राजू पोरवाल ने कही।

विश्व हिंदू परिषद ने अवैध धर्मांतरण के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए इसे सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक अस्मिता और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बताया है। संगठन का कहना है कि देशभर में सामने आ रही घटनाएं इस समस्या के व्यापक और संगठित स्वरूप की ओर संकेत करती हैं।

प्रांत मंत्री राजू पोरवाल ने कहा कि टीसीएस नासिक प्रकरण के सामने आने के बाद पूरे देश में चिंता और आक्रोश का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुनियोजित तरीके से युवाओं को प्रलोभन, मानसिक दबाव और छल के जरिए प्रभावित करने की कोशिशें हो रही हैं, जो किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं हैं। इस मामले में सामने आए तथ्यों ने समाज को झकझोर कर रख दिया है।

उन्होंने आगे कहा कि यह समस्या केवल एक संस्थान तक सीमित नहीं है, बल्कि अन्य बहुराष्ट्रीय कंपनियों और विभिन्न क्षेत्रों में भी ऐसे नेटवर्क के फैलने की आशंका है। इससे स्पष्ट होता है कि अवैध धर्मांतरण अब एक व्यापक और संगठित रूप ले चुका है, जिसे रोकने के लिए कठोर कदम उठाना आवश्यक है।

विश्व हिंदू परिषद ने केंद्र और राज्य सरकारों से मांग की है कि अवैध धर्मांतरण के खिलाफ देशभर में सख्त और प्रभावी कानून लागू किया जाए। साथ ही सभी मामलों की निष्पक्ष और गहन जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार के षड्यंत्र पर रोक लगाई जा सके।

इसी क्रम में संगठन की युवा इकाई बजरंग दल के नेतृत्व में शुक्रवार को कानपुर प्रांत के सभी 21 जिलों में व्यापक आक्रोश प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। इन प्रदर्शनों के माध्यम से जनमानस को जागरूक करने और शासन-प्रशासन पर कार्रवाई के लिए दबाव बनाने का संकल्प लिया गया है।

संगठन ने आम लोगों से आह्वान किया है कि वे इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और समाज की एकता, परंपरा तथा आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा के लिए संगठित होकर अपनी आवाज बुलंद करें।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप