विकास कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं, गुणवत्ता के साथ तय समय में पूरा करें परियोजनाएं : ए.के. शर्मा
जौनपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के प्रभारी मंत्री एवं नगर विकास और ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक कर जिले में चल रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विकास परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी की जाएं। योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
मंत्री ने कहा कि अधिकारी शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप पूरी जवाबदेही और तत्परता से कार्य करें। जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बिजली व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, पुराने बिजली के तारों और खंभों को बदलने तथा खराब ट्रांसफार्मरों से संबंधित शिकायतों का निर्धारित समय में निस्तारण करने को कहा। किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों से बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी लिए।
नगर निकायों की सफाई व्यवस्था पर जोर देते हुए शर्मा ने सार्वजनिक शौचालयों, बस स्टेशनों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने पेट्रोल पंपों पर बने शौचालयों को भी साफ-सुथरा और उपयोग के योग्य बनाए रखने को कहा।
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल परियोजनाओं की अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और प्रत्येक घर तक नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के निर्देश दिए। जल निगम की परियोजनाओं के लिए खोदी गई सड़कों को भी जल्द दुरुस्त कर आवागमन योग्य बनाने को कहा।
कृषि विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने जिले में किसानों के लिए बीज और खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव