सड़कों की गुणवत्ता से समझौता नहीं : अर्पित उपाध्याय
कानपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त और सुगम बनाने के लिए चल रहे मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और मानकों के विपरीत काम मिलने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई होगी। यह निर्देश नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने सोमवार को जोन-5 के वार्ड-7 स्थित निराला नगर में पैच मरम्मत कार्य के निरीक्षण के दौरान दिए।
नगर आयुक्त ने बरसात के दौरान सड़कों पर बने गड्ढों की मरम्मत के लिए चल रहे अभियान के तहत निराला नगर में हो रहे पक्के पैच वर्क का जायजा लिया। इस दौरान निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, डामरीकरण के स्तर और कार्य की गति की बारीकी से जांच की गई। निरीक्षण के दौरान जोनल अभियंता-5 कमलेश पटेल, जोनल स्वच्छता अधिकारी अवनीश यादव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने बताया कि वार्ड-7 के निराला नगर में बैंक ऑफ बड़ौदा से दिया क्लीनिक होते हुए बबलू शटरिंग की दुकान तक हॉट मिक्स प्लांट से पक्के पैच मरम्मत का काम कराया जा रहा है। करीब दो किलोमीटर लंबे इस कार्य पर लगभग 30 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। निर्माण कार्य दिव्या इंटरप्राइजेज द्वारा कराया जा रहा है।
नगर आयुक्त ने मौके पर डामर और गिट्टी के मिश्रण के साथ रोलिंग प्रक्रिया की गुणवत्ता की जांच की। कार्यदायी संस्था को निर्धारित मानकों के अनुरूप ही सामग्री का इस्तेमाल करने की सख्त हिदायत दी गई। उन्होंने कहा कि सड़क मरम्मत का काम केवल गड्ढे भरने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसकी गुणवत्ता और मजबूती का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
क्षेत्रीय लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी को देखते हुए नगर आयुक्त ने जोनल अभियंता को शेष पैच वर्क लगातार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जरूरत पड़ने पर रात में भी काम जारी रखने और सुबह तक इसे हर हाल में पूरा करने को कहा।
इसके साथ ही कार्यस्थल पर मलबा न फैलने देने, यातायात को सुचारु रखने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जोनल स्वच्छता अधिकारी को पैच मरम्मत के बाद सड़क के दोनों ओर की पटरियों की तत्काल सफाई कराने के लिए कहा गया। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सड़कों के रखरखाव और निर्माण गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप