इस बार अपना जन्मदिन नहीं मनायेंगे ब्रजेश पाठक
लखनऊ, 24 जून (हि.स.)। लखनऊ के कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड में अनेक मासूम बच्चों की असामयिक मृत्यु के शोक के कारण उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक कल 25 जून को अपना जन्मदिन नहीं मनायेंगे। इसकी जानकारी ब्रजेश पाठक ने स्वयं अपने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से दी है।
उप मुख्यमंत्री ने लिखा कि लखनऊ के कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड ने मन को भीतर तक उद्वेलित और व्यथित कर दिया है। इस दुःखद घटना में अनेक मासूम बच्चों की असामयिक मृत्यु ने पूरे प्रदेश को शोक और पीड़ा से भर दिया है। उन्होंने लिखा जब कई परिवारों के घरों के चिराग बुझ गए हों, तब अपने जन्मदिन का उत्सव मनाना उचित प्रतीत नहीं होता। इसी गहन संवेदना और शोक के भाव के साथ मैंने निर्णय लिया है कि कल, 25 जून को, मैं अपना जन्मदिन नहीं मनाऊँगा। यह दिन उन दिवंगत मासूम बच्चों की पावन स्मृति तथा उनके शोकाकुल परिजनों के प्रति श्रद्धांजलि और संवेदना को समर्पित रहेगा।
ब्रजेश पाठक ने प्रभु श्रीहरि से प्रार्थना की है कि वे इस अत्यंत हृदयविदारक, पीड़ादायक एवं दुर्भाग्यपूर्ण घटना में दिवंगत सभी बच्चों को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें, शोक संतप्त परिवारों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति दें तथा घायलों को शीघ्र पूर्ण स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन