गोरखपुर : एनएमओ के राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे पदाधिकारी, समीक्षा बैठक की
-17 से 20 दिसंबर तक गोरखपुर में होगा आयोजन, देशभर से पहुंचेंगे करीब 2500 चिकित्सक व मेडिकल विद्यार्थी
गोरखपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। नेशनल मेडिकोस ऑर्गनाइजेशन (एनएमओ) का राष्ट्रीय अधिवेशन 17 से 20 दिसंबर तक गोरखपुर में आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रीय अधिवेशन को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में एनएमओ के महासचिव डॉ. कुमार अंगदी एवं क्षेत्रीय सचिव डॉ. पवन सिंह ने गोरखपुर पहुंचकर अधिवेशन की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया और विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
एनएमओ पदाधिकारियों ने एआईआईएमएस गोरखपुर एवं बीआरडी मेडिकल कॉलेज का दौरा कर सम्मेलन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान स्थानीय चिकित्सकों, आईएमए पदाधिकारियों तथा दोनों चिकित्सा संस्थानों की टीम के साथ बैठक कर आयोजन की तैयारियों, जिम्मेदारियों और व्यवस्थाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। अधिवेशन में देश के विभिन्न राज्यों एवं क्षेत्रों से लगभग 2500 चिकित्सकों एवं मेडिकल विद्यार्थियों के शामिल होने की संभावना है। अधिवेशन के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। आयोजन के क्रम में 17 एवं 18 दिसंबर को अयोध्या से गोरखपुर तक साइकिल यात्रा भी आयोजित की जाएगी। इस यात्रा के माध्यम से चिकित्सा सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
एआईआईएमएस में विभिन्न स्थलों का निरीक्षण
एनएमओ के महासचिव डॉ. कुमार अंगदी एवं क्षेत्रीय सचिव डॉ. पवन सिंह ने एआईआईएमएस गोरखपुर में अधिवेशन की दृष्टि से महत्वपूर्ण विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने गेस्ट हाउस, सेमिनार हॉल, ऑडिटोरियम एवं मल्टीपर्पज हॉल सहित अन्य स्थानों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित टीम से तैयारियों की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की और आवश्यक सुझाव दिए। पदाधिकारियों ने आयोजन में आने वाले चिकित्सकों एवं मेडिकल विद्यार्थियों के ठहरने, कार्यक्रम स्थलों, बैठक व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर भी संबंधित अधिकारियों से चर्चा की।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज में हुई समीक्षा बैठक
इसके बाद बीआरडी मेडिकल कॉलेज में राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियों को लेकर विस्तृत बैठक आयोजित हुई। इसमें बीआरडी मेडिकल कॉलेज एवं एआईआईएमएस की टीम के साथ एनएमओ गोरक्ष प्रांत के संरक्षक डॉ. महेंद्र अग्रवाल, बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राम कुमार जायसवाल, पूर्व प्राचार्य एवं आईएमए अध्यक्ष डॉ. आर.पी. शुक्ला, आईएमए सचिव डॉ. वाई. सिंह समेत आईएमए के अन्य पदाधिकारी तथा गोरखपुर के प्रमुख चिकित्सक मौजूद रहे।
साइकिल यात्रा के जरिए दिया जाएगा स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश
अधिवेशन के साथ प्रस्तावित अयोध्या से गोरखपुर साइकिल यात्रा को लेकर भी तैयारियों पर चर्चा हुई। आयोजकों के अनुसार यात्रा के माध्यम से चिकित्सा सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय