बांदा : नीति आयोग की टीम ने आकांक्षी विकासखंड का भ्रमण किया, जैविक ग्राम में खेती देखी

 


-प्राकृतिक खेती और देशी बीज संरक्षण की पहल को सराहा

बांदा, 06 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में नीति आयोग की टीम के भ्रमण कार्यक्रम के तहत राज्य के सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के विशेष सचिव रणविजय यादव ने बिसंडा रोड स्थित जैविक ग्राम में किसान बोधगम्य किसान उत्पादक कंपनी के कार्यों का मंगलवार को जायजा लिया। उन्होंने किसानों के साथ मिलकर प्राकृतिक खेती, देशी बीजों के संरक्षण, उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली और इनकी सराहना की।

भ्रमण की शुरुआत किसान उत्पादक कंपनी के बिक्री केंद्र से हुई। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रोहित श्रीवास्तव ने स्थानीय स्तर पर तैयार और बेचे जा रहे कृषि उत्पादों की जानकारी दी। इनमें अतर्रा क्षेत्र का प्रसिद्ध महाचिन्नावर चावल, बुंदेलखंड की अरहर दाल, कठिया गेहूं सहित कई पारंपरिक कृषि उत्पाद शामिल रहे। इसके बाद रणविजय यादव ने जैविक खाद तैयार करने की इकाई और देशी धान की विभिन्न प्रजातियों के प्रदर्शन खेतों का निरीक्षण किया। उन्हें बताया गया कि किसान उत्पादक कंपनी किसानों के साथ मिलकर बीज से लेकर उत्पादन और फिर बाजार तक की पूरी व्यवस्था विकसित करने का प्रयास कर रही है।

किसानों को देशी और पारंपरिक प्रजातियों के गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराए जाते हैं। किसान इन बीजों से अपने खेतों में फसल तैयार करते हैं और उत्पादन के बाद फसल तथा बीज को दोबारा कंपनी से जोड़ते हैं। इससे एक ओर देशी बीजों का संरक्षण हो रहा है तो दूसरी ओर किसानों को उनके उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है।

कंपनी कार्यालय में रणविजय यादव को लकी बैंबू तथा महाचिन्नावर चावल, अरहर दाल और कठिया गेहूं भेंट किए गए। इस दौरान प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा देशी फसलों और पारंपरिक बीजों को फिर से प्रचलन में लाने के प्रयासों पर विस्तार से चर्चा हुई। रणविजय यादव ने किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए बुंदेलखंड के पारंपरिक और प्राकृतिक कृषि उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कानपुर अथवा लखनऊ जैसे बड़े शहरों में किसान उत्पादक कंपनी का अपना बिक्री केंद्र स्थापित करने का सुझाव दिया, ताकि स्थानीय किसानों के उत्पाद सीधे बड़े उपभोक्ता बाजार तक पहुंच सकें।

जैविक ग्राम परिसर में रणविजय यादव ने हरिशंकरी पौधे का रोपण भी किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता को बढ़ावा देने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर बेसिक शिक्षा अधिकारी अव्यक्त राम तिवारी, किसान बोधगम्य कंपनी के निदेशक शिवनारायण, हरिमोहन श्रीवास्तव, प्रवर्तक राजेंद्र कुमार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी रोहित श्रीवास्तव, लेखाकार अमन तिवारी सहित किसान सदस्य और अन्य सहयोगी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह