डुगडुगी पिटवाकर नौ शातिर अपराधियों को किया जिला बदर

 


जौनपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन के आदेश पर खुटहन पुलिस ने यूपी गुंडा नियंत्रण अधिनियम की धारा 3(1) के तहत नौ आरोपितों को जिला बदर कर दिया। पुलिस टीम ने संबंधित गांवों में डुगडुगी पिटवाकर मुनादी कराई और ग्रामीणों की मौजूदगी में सभी को जनपद की सीमा से बाहर छोड़ा।

इस संबंध में जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी शाहगंज प्रतिमा वर्मा ने बुधवार काे बताया कि थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने जिला बदर किए गए आरोपितों को सख्त हिदायत दी कि निर्धारित अवधि तक सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना जिले की सीमा में प्रवेश न करें। आदेश का उल्लंघन करने पर उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिला बदर किए गए आरोपितों में बसवरिया बनुवाडीह निवासी सूरज यादव, कानामऊ निवासी अरविंद, पटैला निवासी शौकत अली, तालिब अंसारी, अब्दुल रहमान उर्फ मिंटू, रोशन अंसारी और मोहम्मद जफर उर्फ मुन्ना, शेरापट्टी निवासी कृष्णा कुमार यादव तथा मखदूमपुर निवासी सलमान शामिल हैं।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव