रात में बाजार बंद होते ही कूड़ा उठान कराएं अधिकारी : जिलाधिकारी

 


कानपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। बाजारों में दुकानें बंद होते ही रात में कूड़ा उठान सुनिश्चित किया जाए और सफाई व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न हो। यह निर्देश जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बुधवार रात नगर के विभिन्न क्षेत्रों के निरीक्षण के दौरान दिए।

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय और मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव जे. जैन ने आज रात करीब नरोना चौराहा, एक्सप्रेस रोड समेत कई इलाकों का भ्रमण कर कूड़ा उठान, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं की स्थिति देखी। अधिकारियों ने मौके पर कूड़ा प्रबंधन की व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि बाजारों में दुकानें बंद होने के बाद रात में ही कूड़ा उठाया जाए। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त वाहन और कर्मचारी लगाए जाएं। कूड़ा उठाने वाले वाहनों की निर्धारित रूट और समय-सारिणी के अनुसार नियमित निगरानी की जाए। रात में कूड़ा फेंकने वालों पर भी प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए गए।

एक्सप्रेस रोड स्थित गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट पर अधिक गंदगी मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने तीन दिन के भीतर पूरे मार्ग की समुचित सफाई कराने के निर्देश दिए। तीन दिन बाद दोबारा स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई। मार्ग पर नियमित नाइट स्वीपिंग और समय से कूड़ा उठाने के भी निर्देश दिए गए।

घसियारी मंडी के पास स्थित गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट को खत्म कर वहां जमा होने वाले कूड़े को पास के ट्रांसफर स्टेशन भेजने के निर्देश दिए गए। स्थल को व्यवस्थित करने के लिए इंटरलॉकिंग कराने को भी कहा गया। इसके अलावा प्वाइंट की सफाई के बाद वहां बैठने के लिए बेंच लगवाने और वॉल पेंटिंग कराने के निर्देश दिए गए।

नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने एक्सप्रेस रोड के दोनों ओर सीसी रोड निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। खराब मार्ग प्रकाश बिंदुओं को तत्काल दुरुस्त कराने और रात के भ्रमण के दौरान प्रकाश व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा दिखाई न देने तथा सफाई व्यवस्था लगातार प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया। व्यापारियों और दुकानदारों से संवाद कर कूड़ा निर्धारित वाहन या स्थान पर ही देने के लिए जागरूक करने और आईईसी गतिविधियां चलाने के निर्देश भी दिए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप