नवागत पुलिस अधीक्षक ने मातहतों की ली क्लास, पढ़ाया आपराधियों से निपटने का पाठ
देवरिया, 13 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने साेमवार काे जनपद के समस्त अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी/थानाध्यक्षों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की। इसका मुख्य उद्देश्य आगामी अंबेडकर जयंती के दृष्टिगत सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा करना रहा।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने, लगातार गश्त बढ़ाए तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही जनसंपर्क मजबूत करने, आयोजकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर त्वरित कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया। उन्हाेंने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को सक्रिय रखने तथा आपात स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया देने के लिए सभी इकाइयों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी बनाए रखें।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक