किराये के कमरे में नवविवाहित दंपति की संदिग्ध मौत, पांच महीने पहले किया था प्रेम विवाह

 


कानपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। बर्रा थाना क्षेत्र के बर्रा-7 इलाके में किराये के कमरे से नवविवाहित दंपति के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। कमरे के भीतर पति का शव फंदे से लटका मिला, जबकि पत्नी का शव फर्श पर पड़ा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फोरेंसिक टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस की प्राथमिक जांच में मृतकों की पहचान सौरभ सविता (36) और उनकी पत्नी रानी सविता (30) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से सचेण्डी थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। जांच में सामने आया है कि दंपति चार दिन पहले ही बर्रा-7 स्थित अंकिला लाल सिंह यादव के मकान में किराये का कमरा लेकर रहने आए थे।

मकान मालिक ने बताया कि आज तक कमरे से कोई गतिविधि नहीं होने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। इसी बीच एक किरायेदार ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो पति फंदे से लटका दिखाई दिया और महिला कमरे में पड़ी थी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

परिजनों के मुताबिक सौरभ और रानी ने करीब पांच महीने पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों दिल्ली में रह रहे थे और कुछ दिन पहले ही कानपुर लौटे थे। परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए कई आरोप लगाए हैं, जिनकी पुलिस जांच कर रही है।

मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही दंपति के मोबाइल फोन भी कब्जे में लेकर उनकी तकनीकी जांच शुरू कर दी है। मोबाइल में मौजूद कॉल डिटेल, चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी।

डीसीपी दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया पति का शव फंदे से लटका मिला है, जबकि पत्नी का शव कमरे में पड़ा था। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों सहित सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर लगाया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप