व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण का सशक्त केंद्र है विश्वविद्यालय : डॉ. वर्षा मोखासी

 




गोरखपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर (एमजीयूजी) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं मार्गदर्शन के लिए बुधवार को विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में भव्य दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति एवं श्री गोरक्षनाथ मेडिकल कॉलेज, हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर की प्राचार्या डॉ. वर्षा मोखासी ने की।

इस अवसर पर अपने संबोधन में डॉ. वर्षा मोखासी ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल उच्च शिक्षा प्राप्त करने का संस्थान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नैतिक मूल्यों, अनुसंधान, नवाचार और राष्ट्र निर्माण का सशक्त केंद्र है। उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों से अनुशासन, सतत अध्ययन, सकारात्मक सोच एवं उत्कृष्ट चरित्र को जीवन का आधार बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि यही गुण उन्हें सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए एमजीयूजी के कुलसचिव डॉ. प्रदीप कुमार राव ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली, अनुशासन, आचार-संहिता, छात्र सुविधाओं एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। विश्वविद्यालय के नियमों एवं मूल्यों के पालन का देते हुए डॉ. राव ने कहा कि एमजीयूजी की परिसर संस्कृति समग्र विकास, नवाचार की पोषक है जिसमें रमकर विद्यार्थी प्रगति के नए सोपान तय करेंगे। उन्होंने कहा कि इस विश्वविद्यालय की आधारशिला में राष्ट्रीयता और देश प्रथम के भाव हैं।

दीक्षारंभ कार्यक्रम में नर्सिंग एवं पैरामेडिकल संकाय की संकाय प्रमुख डॉ. डीएस अजीथा, श्री गोरक्षनाथ मेडिकल कॉलेज, हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के उप प्राचार्य डॉ. राजेश दासराजू, स्वास्थ्य एवं जीव विज्ञान संकाय के प्रमुख डॉ. सुनील कुमार, कृषि संकाय के प्रमुख डॉ. विमल कुमार दुबे, वाणिज्य एवं प्रबंध संकाय के प्रमुख डॉ. तरुण श्याम, इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी संकाय के प्रमुख डॉ. हरिओम शरण, पैरामेडिकल के विभागाध्यक्ष रोहित श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को सेवा, समर्पण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, कौशल विकास, नेतृत्व क्षमता एवं व्यावसायिक उत्कृष्टता के लिए प्रेरित किया।

इसके पहले कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. वर्षा मोखासी तथा विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्षों ने मां सरस्वती, शिवावतारी भगवान गोरखनाथ एवं भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। आभार ज्ञापन फार्मास्युटिकल साइंसेज संकाय के प्रमुख डॉ. शशिकांत सिंह तथा संचालन पलक कुमारी ने किया। राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय