कूड़े के ढेर में कपड़े से लिपटा मिला नवजात बच्ची का शव

 

कानपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पनकी रोड पर मंगलवार को कूड़े के ढेर में कपड़े में लिपटा नवजात बच्ची का शव मिला। स्थानीय लोगों ने शव देखा तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना 112 नंबर पर दी थी। इसके बाद कल्याणपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने नवजात के शव को कल्याणपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बच्ची को कूड़े के ढेर में कौन छोड़कर गया और वह वहां कब पहुंची। इसके लिए आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज से घटना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।

कपड़े में लिपटे नवजात के शव को देखकर मौके पर मौजूद लोग भावुक हो गए। लोगों ने बच्ची को कूड़े के ढेर में छोड़े जाने की घटना पर नाराजगी जताई। फिलहाल बच्ची की पहचान और उसकी मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलने की उम्मीद है।

कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप