जनशिकायताें का तुरंत निस्तारण करें अधिकारी,पत्रकारों का सहयोग चाहिए: जिलाधिकारी अंकुर लाठर
फर्रुखाबाद, 21 अप्रैल (हि.स.)। जिले का पदभार संभालने के बाद नवांग्तुक जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने मंगलवार काे पत्रकारवार्ता की।उन्हाेंने कहा कि शासन की मंसा के मुताबिक जनमानस की समस्याओं का तुरंत निस्तारण किया जाएगा। किसी भी पीड़ित को दोबारा शिकायत करने न आना पड़े इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियाें काे प्रभावी कदम उठाने पड़ेंगे। लापरवाह अधिकारियों पर कठोर कार्यवाही की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि आईजीआरएस की शिकायतों का वरीयता के आधार पर निष्पक्ष ढंग से निस्तारण किया जाए। मुख्यालय पर शिकायत करने आने वाले लोगाें का पूरा दिन बर्बाद हाेता है, इसलिए उनकी समस्या का उसी दिन निस्तारण हो जाना चाहिए ताकि पीड़ित राहत महसूस कर सके। गुणवत्ता परक समय पर विकास कार्य पूरे होने चाहिए। जिले में शांति व्यवस्था कायम रहनी चाहिए। जमीन के विवादों के मुकदमों का जल्द से जल्द निस्तारण होने चाहिए।
उन्होंने पत्रकारों से सहयोग करने का आवाहन करते हुए कहा कि हम लोग मिलजुल कर जिले का विकास करेंगे। यदि आप किसी मामले में मेरे आलोचना करेंगे तो उसको गलत न लेकर सुधार किया जाएगा। उन्होंने पत्रकारों को सुझाव देने की सलाह देते हुए विकास संबंधी प्रचार कर जनमानस को अवगत कराने को कहा। डीएम ने अधिकारियों को सलाह दी कि वह पीड़ितों को तुरंत न्याय दिलाकर फील्ड में जाकर समस्याओं को देखें। इससे पूर्व डॉ अंकुर लाठर ने कोषागार जाकर कार्यभार ग्रहण किया। वार्ता के दौरान जिला सूचना अधिकारी ओमवीर सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar