अवंतीबाई लोधी के शौर्य और बलिदान से नई पीढ़ी लें प्रेरणा : सुरेंद्र मैथानी

 


-वीरांगना अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण, भाटिया तिराहे का नाम हुआ अवंतीबाई चौक

कानपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। वीरांगना महारानी अवंतीबाई लोधी का शौर्य और बलिदान सदैव समाज को प्रेरणा देता रहेगा। उनकी स्मृति में स्थापित प्रतिमा और चौक नई पीढ़ी को उनके संघर्ष और राष्ट्रभक्ति से परिचित कराने का माध्यम बनेगा।

यह बातें रविवार को गोविंद नगर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी ने वीरांगना अवंतीबाई लोधी की जन्मजयंती पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहीं।

पनकी क्षेत्र में लक्ष्य फाउंडेशन की ओर से वीरांगना महारानी अवंतीबाई लोधी की जन्मजयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विधायक सुरेंद्र मैथानी ने वीरांगना अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण किया। साथ ही भाटिया तिराहे का नाम बदलकर अवंतीबाई चौक किए जाने की घोषणा की गई।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने वीरांगना अवंतीबाई लोधी के साहस, संघर्ष और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम में वीरांगना अवंतीबाई लोधी का योगदान प्रेरणादायी है। उनकी स्मृति में प्रतिमा की स्थापना और चौक का नामकरण उनके व्यक्तित्व एवं योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर मौजूद लोगों ने प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर वीरांगना अवंतीबाई लोधी को नमन किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय और वीरांगना अवंतीबाई लोधी अमर रहें के नारों के साथ हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप