एससी-एसटी वर्ग की शिकायतों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : नीरज गौतम
कानपुर, 19 मई (हि.स.)। अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए। यह बातें मंगलवार को उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के सदस्य नीरज गौतम ने सर्किट हाउस सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कही।
उन्होंने कहा कि पीड़ितों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा लम्बित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचे और किसी भी स्तर पर उदासीनता पाए जाने पर कार्रवाई के लिए शासन को संस्तुति भेजी जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए संवेदनशील मामलों को प्राथमिकता पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कमजोर एवं वंचित वर्गों को न्याय दिलाने में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसके उपरांत सदस्य नीरज गौतम ने राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय, कल्याणपुर का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास, भोजनालय, रसोईघर, कक्षाओं एवं परिसर का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर शिक्षा, भोजन, आवास एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की तथा साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था एवं भोजन की गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि बच्चों को शासन द्वारा निर्धारित सभी सुविधाएं समय से और गुणवत्तापूर्ण रूप में उपलब्ध कराई जाएं।
कुछ व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता पाए जाने पर सम्बंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि आश्रम पद्धति विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चे वंचित वर्ग से आते हैं, इसलिए उनकी शिक्षा, सुरक्षा और स्वास्थ्य के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप