नीट छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, फुफेरे भाई पर छह माह से परेशान करने का आरोप
कानपुर, 26 अगस्त (हि.स.)। चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत श्यामनगर के गंगानगर में बुधवार को नीट की तैयारी कर रही छात्रा ने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर भाई ने खिड़की से झांककर देखा तो छात्रा फंदे से लटकी मिली। परिजनों का आरोप है कि चंदौली निवासी उसका फुफेरा भाई करीब छह महीने से उसे परेशान कर रहा था और उस पर बातचीत करने का दबाव बनाता था।
मृतका की पहचान खुशबू सिंह (18) के रूप में हुई है। वह चंदौली जिले के सकराकारी धानापुर निवासी नरेंद्र प्रताप की बेटी थी। नरेंद्र प्रताप दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं। परिवार में पत्नी नीलम देवी, बेटियां खुशबू और खुशी सिंह तथा बेटा अभिषेक सिंह हैं। परिवार फिलहाल श्यामनगर के गंगानगर में किराए के मकान में रह रहा था। खुशबू ने इसी साल 12वीं पास की थी और डॉक्टर बनने की तैयारी के साथ नीट की तैयारी कर रही थी।
भाई अभिषेक सिंह ने बताया कि जब आज सभी लोग अपने-अपने कामों में व्यस्त थे। खुशबू अपने कमरे में चली गई और करीब एक घंटे तक बाहर नहीं आयी। तब बसने बहन को आवाज लगाई लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद खिड़की से अंदर झांककर देखा तो खुशबू फंदे से लटकी हुई थी। घटना की जानकारी मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
परिजनों ने बताया कि खुशबू का फुफेरा भाई गुजरात में रहता है। परिवार के मुताबिक वह पिछले करीब छह महीने से खुशबू को फोन कर परेशान कर रहा था।
अभिषेक का आरोप है कि युवक खुशबू के दोस्तों को मैसेज कर खुद को उसका प्रेमी बताता था। वह दोस्तों से कहता था कि खुशबू उसकी गर्लफ्रेंड है। परिजनों के मुताबिक इस बात से खुशबू काफी आहत थी और मानसिक तनाव में रहने लगी थी।
मां नीलम देवी ने आरोप लगाया कि युवक ने खुशबू का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर लिया था और उसे ब्लैकमेल कर परेशान करता था। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच भाई-बहन का रिश्ता था, इसके बावजूद युवक उनकी बेटी को लगातार परेशान कर रहा था।
चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि छात्रा के शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेज कर तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप