आपसी सहयोग और भाईचारे के जरिए समाज को जोड़ने का काम कर रही कांग्रेस : अजय राय
कानपुर, 29 मार्च (हि.स.)। समाज में एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना आज की सबसे बड़ी जरूरत है। सामाजिक सौहार्द और आपसी प्रेम को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कानपुर महानगर कांग्रेस द्वारा जाजमऊ क्षेत्र में आयोजित सद्भावना बैठक में विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लेकर एकजुटता का संदेश दिया। बैठक के दौरान वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों और आपसी समन्वय पर भी चर्चा की गई। सभी धर्मों और वर्गों को साथ लेकर चलने पर जोर देते हुए यह बातें रविवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहीं।
कानपुर महानगर कांग्रेस द्वारा आयोजित इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष पवन गुप्ता ने की, जबकि संयोजन नगर कोषाध्यक्ष हाजी मालिक अहमद उल्लाह ने किया।
अजय राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से सभी धर्मों और समुदायों को साथ लेकर चलने की पक्षधर रही है और समाज में प्रेम, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज में एकता और भाईचारे को और मजबूत करने की जरूरत है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार नफरत की राजनीति कर देश में सांप्रदायिकता फैलाने का काम कर रही है, जबकि कांग्रेस आपसी सहयोग और भाईचारे के जरिए समाज को जोड़ने का काम कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप