राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने रक्षा सेवाओं में करियर बनाने के लिए बेटियों को किया प्रेरित, समीक्षा बैठक भी की

 






जौनपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने शुक्रवार को जौनपुर में छात्राओं को भारतीय सशस्त्र बलों में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज बेटियां शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, खेल और प्रशासन के साथ रक्षा सेवाओं में भी अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही हैं। सही जानकारी और मार्गदर्शन के अभाव में किसी भी बेटी का सपना अधूरा नहीं रहना चाहिए।

तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज के मार्कंडेय सिंह सभागार में आयोजित ‘शी सर्व्स’ कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों में सेवा करना केवल रोजगार नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा का गौरवशाली अवसर है। महिलाएं अब सेना में स्थायी कमीशन, वायुसेना में फाइटर पायलट और नौसेना में महत्वपूर्ण ऑपरेशनल भूमिकाएं निभा रही हैं। एनडीए के माध्यम से भी बेटियों के लिए अवसर बढ़े हैं। उन्होंने छात्राओं से आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित कर बड़े लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया।

उन्होंने कीर्ति चक्र से सम्मानित सीओ शाहगंज प्रतिमा वर्मा के साहस और देशभक्ति का उदाहरण देते हुए छात्राओं को प्रेरित किया। इस दौरान रक्षा सेवाओं में प्रवेश और चयन प्रक्रिया की जानकारी देने वाली राष्ट्रीय महिला आयोग की पुस्तिका ‘कदम कदम बढ़ाए जा’ का भी उल्लेख किया। राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में बेटियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

इसके बाद अध्यक्ष ने विकास भवन में महिला जनसुनवाई कर पीड़ित महिलाओं की शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह सहित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में महिला सुरक्षा, उत्पीड़न, संपत्ति अधिकार और आर्थिक सशक्तिकरण की समीक्षा की। उन्होंने परित्यक्त महिलाओं और उनके बच्चों को सरकारी योजनाओं एवं विधिक सहायता से जोड़ने पर जोर दिया।

उन्होंने महिला किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड, फसल बीमा और अन्य कृषि योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जागरूकता शिविर लगाने तथा बीसी सखी के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। महिलाओं की भूमि और संपत्ति पर अवैध कब्जे तथा विवादों के निस्तारण के लिए थाना और तहसील स्तर पर विशेष समाधान शिविर आयोजित करने को कहा।

अध्यक्ष ने घरेलू हिंसा और महिला उत्पीड़न के मामलों में संवेदनशीलता से कार्रवाई करने तथा सभी विभागों को अद्यतन आंकड़ों के साथ दो से तीन दिनों में विस्तृत रिपोर्ट आयोग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इस अवसर पर राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य अर्चना मिश्रा, राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता बिंद, मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव