एनसीआर महाप्रबंधक ने महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक कर दिये आवश्यक निर्देश
प्रयागराज, 23 मई (हि.स)। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने शनिवार को प्रयागराज मंडल के अधिकारियों के साथ प्रयागराज मंडल के संकल्प सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। जिसमें कानपुर में प्रस्तावित नॉन इंटरलॉकिंग कार्य, चुनार-चोपन सेक्शन में डीएफसीसीआईएल कनेक्टिविटी तथा इरादतगंज एवं लिंक जंक्शन के मध्य कनेक्टिविटी को और अधिक सुदृढ़ एवं सुगम बनाने हेतु किए जाने वाले विभिन्न विकासात्मक कार्यों पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर कानपुर में प्रस्तावित एन.आई कार्यों के संबंध में पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से मंडल रेल प्रबंधक द्वारा विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। जिसमें बताया गया कि प्री-एन.आई. कार्य 11 जून से 20 जून तक तथा एन.आई. कार्य 21 जून को प्रस्तावित है। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा किए जाने वाले कार्यों, उनकी समयबद्ध कार्ययोजना तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता के संबंध में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
इसी क्रम में चुनार-चोपन सेक्शन में चुनार यार्ड से डीएफसीसीआईएल कनेक्टिविटी हेतु चल रहे कार्यों की प्रगति के संबंध में भी मंडल रेल प्रबंधक द्वारा विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया। बैठक के दौरान इरादतगंज एवं लिंक जंक्शन के मध्य तीसरी लाइन निर्माण के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में महाप्रबंधक ने निर्देशित किया कि कानपुर में प्रस्तावित एन.आई कार्य के दौरान निर्धारित समयसीमा का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से सुनिश्चित रखी जाएं, जिससे कार्य के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही अतिरिक्त मैनपावर की उपलब्धता सुनिश्चित रखने तथा कार्यस्थलों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था किए जाने के भी निर्देश दिए। महाप्रबंधक ने यह भी निर्देशित किया कि कार्य निष्पादन की सम्पूर्ण योजना सुपरवाइजर स्तर तक स्पष्ट रूप से साझा की जाए, जिससे सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य को सफलतापूर्वक पूर्ण कर सकें। उन्होंने संरक्षा, गुणवत्ता एवं समयबद्धता को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया।
जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि बैठक में अपर महाप्रबंधक यतीन्द्र कुमार, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक शरद चंद्रायन, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अनिल कुमार द्विवेदी, प्रमुख मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर सतेन्द्र कुमार, प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त प्रदीप कुमार गुप्ता, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक बृजेन्द्र कुमार, प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर जे.सी.एस. बोरा, प्रमुख मुख्य इंजीनियर ए.के. मनुवाल, अपर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक परिचालन एम.एम. वारिस, अपर मंडल रेल प्रबंधक इंफ्रा धरंजय सिंह सहित प्रयागराज मंडल के अन्य शाखाधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र