संरक्षा, सेवा व संचालन में सुदृढ़ रहा उत्तर मध्य रेलवे का वित्तीय वर्ष : महाप्रबंधक
--एनसीआर महाप्रबंधक ने उत्तर मध्य रेलवे की गिनायी उपलब्धियां
प्रयागराज, 06 अप्रैल (हि.स)। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने सोमवार को वित्तीय वर्ष 2025-26 में किये गये कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि परिचालन दक्षता, संरक्षा सुदृढ़ीकरण, आधारभूत संरचना विकास, माल ढुलाई वृद्धि तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। उन्होंने आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग, नवाचार आधारित पहल एवं बेहतर समन्वय के माध्यम से रेल सेवाओं को अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय एवं यात्री केंद्रित बनाने की दिशा में किए गए प्रयासों पर भी प्रकाश डाला।
महाप्रबंधक ने बताया कि अब तक का सर्वाधिक ओरिजिनेटिंग लोडिंग 20.97 मिलियन टन दर्ज किया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 12.6 प्रतिशत अधिक है, जिससे माल यातायात में 2276 करोड़ रू की आय प्राप्त हुई। मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों की समयपालनता 79.1 प्रतिशत रही, जो पिछले वर्ष की तुलना में 9.3 प्रतिशत अधिक है।
उन्होंने बताया कि उत्तर मध्य रेलवे ने पिछले वित्तीय वर्ष में 2 ऑरिजिनेटिंग ट्रेनों सहित 42 नई ट्रेन सेवाओं का संचालन किया। यात्री सुविधा को ध्यान में रखते हुए पिछले वित्तीय वर्ष में 46 ट्रेनों को नए ठहराव दिए गए, 12 ट्रेनों का विस्तारीकरण किया गया और 2 ट्रेनों की आवृत्ति में वृद्धि की गई है। 14 जोड़ी यात्री गाड़ियों में 31 अतिरिक्त कोच लगाए गए हैं ताकि यात्री सुविधा के साथ यात्रा कर सकें। पिछले वित्तीय वर्ष में यात्रियों की मांग को ध्यान में रखते हुए 470 ट्रेनों की 3140 ट्रिप्स ट्रेन ऑन डिमांड के रूप में चलाई गईं। माघ मेला 2026 में 804 मेला विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया।
कोचिंग और माल भाड़ा क्षेत्र में एनसीआर की कुल ओरिजिनेटिंग आय 6001.60 करोड़ रही, जो पिछले वर्ष से 4.0 प्रतिशत अधिक है। संरक्षा को प्राथमिक्ता देते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने 270 किमी पर कवच प्रणाली लागू की है और 520 आरकेएम पर लोको ट्रायल सम्पन्न किया है। 223 किमी ऑटोमैटिक सिग्नलिंग और 16 स्टेशनों पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग का कार्य किया गया है। रोड सेफ्टी को महत्व देते हुए 22 लेवल क्रासिंग गेट इंटरलॉक किए गए तथा 23 लेवल क्रॉसिंग बंद किए गए। महाप्रबंधक ने बताया कि रेल कोच नवीनीकरण कारखाना, झांसी द्वारा प्रथम बार 2 वंदे भारत रेकों का एसएस-1 अनुरक्षण कार्य पूरा किया गया। 9.05 मेगावाट रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित होने के साथ उत्तर मध्य रेलवे की कुल सोलर क्षमता बढ़कर 21.75 मेगावाट हो गई है। स्क्रैप बिक्री से इस वित्तीय वर्ष 316.87 करोड़ रू की आय प्राप्त हुई, जो लक्ष्य से 15.23 प्रतिशत अधिक है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र