उत्तर मध्य रेलवे ने स्क्रैप बेचकर 316.87 करोड़ रूपये का अर्जित किया राजस्व
प्रयागराज, 02 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे द्वारा स्क्रैप निष्पादन के क्षेत्र में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त की है। इस अवधि में उत्तर मध्य रेलवे ने स्क्रैप बिक्री के माध्यम से 316.87 करोड़ रू. का राजस्व अर्जित किया है, जो निर्धारित लक्ष्य 275.00 करोड़ की तुलना में 41.87 करोड़ जो, 15.23 प्रतिशत अधिक है। उपरोक्त स्क्रैप बिक्री गत वित्तीय वर्ष 2024-25 की तुलना मे 16.40 प्रतिशत अधिक है।
वरिष्ठ जनसम्पर्क अधिकारी अमित मालवीय ने गुरूवार को बताया कि उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह एवं प्रधान मुख्य सामग्री प्रबन्धक एस.पी. द्विवेदी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में विभिन्न डिपो एवं मंडलों द्वारा समन्वित प्रयास करते हुए कंडेम्ड वैगन, कोच, जल टंकियां, स्टील संरचनाएं तथा नॉन-फेरस सामग्री सहित विभिन्न प्रकार के स्क्रैप का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया।
उन्होंने कहा कि, उत्तर मध्य रेलवे द्वारा स्क्रैप निष्पादन को सदैव प्राथमिकता दी जाती रही है तथा इसकी नियमित समीक्षा उच्च स्तर पर की जाती है। इस प्रक्रिया से न केवल राजस्व में वृद्धि हुई है, बल्कि रेलवे परिसरों की स्वच्छता सुनिश्चित हुई है तथा बहुमूल्य रेलवे भूमि को अन्य उपयोगों हेतु उपलब्ध कराया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र