एनसीसी से बुलंद हो रहा सर्वोदय विद्यालयों के विद्यार्थियों का आत्मविश्वास

 


-पांच विद्यालयों के 344 छात्र-छात्राएं ले रहे प्रशिक्षण, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का हो रहा विकास-राष्ट्रसेवा, आत्मविश्वास और टीम भावना के साथ जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार हो रहे विद्यार्थी

लखनऊ, 21 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) दिवस के अवसर पर सर्वोदय विद्यालयों के विद्यार्थी भी अनुशासन और राष्ट्रसेवा का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों में पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों को एनसीसी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। परेड से लेकर शिविर और सामाजिक सेवा की गतिविधियों के जरिए बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी का भाव विकसित किया जा रहा है। विभाग का प्रयास है कि विद्यार्थी पढ़ाई में आगे बढ़ने के साथ जीवन के हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकें।

सर्वोदय विद्यालयों के पांच परिसरों में 344 छात्र-छात्राएं एनसीसी प्रशिक्षण से जुड़े हैं। बस्तौरा, रसड़ा (बलिया) में 50, नगला हीरालाल, इटावा में 25, भोजीपुरा, बरेली में 100, परसिया, मिर्जापुर में 66 तथा सर्वोदय बालिका विद्यालय मड़िहान में 34 छात्राएं प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। बलिया में चयनित 44 कैडेट 10 दिवसीय प्रशिक्षण के लिए गए हैं। वहीं, इटावा के कांधनी सर्वोदय विद्यालय में 80 सीट की नई एनसीसी जूनियर डिवीजन यूनिट आवंटित की गई है।

एनसीसी प्रशिक्षण से विद्यार्थियों में समय की पाबंदी, टीम भावना और कठिन परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है। इसके प्रमाणपत्र सरकारी नौकरियों में भी लाभ दिलाने में सहायक होते हैं। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में उपनिरीक्षक और कांस्टेबल (जीडी) की सीधी भर्ती में एनसीसी 'ए', 'बी' और 'सी' प्रमाणपत्र धारकों को क्रमशः दो, तीन और पांच प्रतिशत बोनस अंक देने का प्रावधान है। अग्निवीर भर्ती में भी प्रमाणपत्र के स्तर के अनुसार अतिरिक्त बोनस अंक मिलते हैं।

समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा, सर्वोदय विद्यालयों में हमारा प्रयास है कि विद्यार्थी पढ़ाई के साथ आत्मविश्वासी, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक भी बनें। एनसीसी बच्चों में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और राष्ट्रसेवा का संस्कार विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक