प्राकृतिक चिकित्सा और योग से बेहतर जीवनशैली को मिलेगा बढ़ावा : डॉ. एसएन पांडेय

 


कानपुर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। प्राकृतिक चिकित्सा, योग और आयुर्वेद के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक करना जरूरी है। मानसिक संतुलन, नियमित दिनचर्या और प्रकृति के साथ जुड़ाव बेहतर जीवन जीने में सहायक हो सकते हैं। यह बातें रविवार को बिठूर स्थित आरोहम् हैप्पीनेस होम में रविवार को आरोहम् वेलनेस सेंटर के शुभारंभ पर मुख्य अतिथि डॉ. एसएन पांडेय ने यह बातें कहीं।

वेलनेस सेंटर का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान चिकित्सा, योग और आयुर्वेद से जुड़े विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य संवर्धन, मानसिक शांति और प्राकृतिक जीवनशैली के महत्व पर विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए नियमित योगाभ्यास, संतुलित खानपान और अनुशासित दिनचर्या को बढ़ावा देना जरूरी है।

नीमा उत्तर प्रदेश वीमेंस फोरम की अध्यक्ष और वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्य डॉ. वंदना पाठक ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में सकारात्मक जीवनशैली और स्वास्थ्य के प्रति सजगता की अहम भूमिका है। वरिष्ठ प्राकृतिक चिकित्सक डॉ. एसएन पाठक ने प्राकृतिक चिकित्सा, योग और आयुर्वेद को शरीर और मन के स्वास्थ्य से जुड़ा बताते हुए नियमित अभ्यास पर जोर दिया।

इंटरनेशनल नेचुरोपैथी ऑर्गनाइजेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनंत बिरादार ने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा और योग को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है। लखनऊ विश्वविद्यालय के योग विभाग के समन्वयक डॉ. अमरजीत यादव और इंडियन नेचुरोपैथी एंड योग ग्रेजुएट्स मेडिकल एसोसिएशन के कार्यकारी निदेशक डॉ. राजेश कुमार सिंह ने भी योग और प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने की बात कही।

आरोहम् हैप्पीनेस होम के संस्थापक डॉ. उमेश पालीवाल ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान और स्वतंत्रता के साथ जीवन जीने के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है। वेलनेस सेंटर इसी सोच का विस्तार है, जहां स्वास्थ्य और मानसिक शांति को प्राथमिकता दी जाएगी। परिसर में देश के विभिन्न शहरों से आए वरिष्ठ नागरिक रहते हैं। गंगा के निकट हरियाली और शांत वातावरण इसकी विशेषता है।

संस्थापक मुकेश पालीवाल ने बताया कि केंद्र में प्राकृतिक चिकित्सा, योग, पंचकर्म, होम्योपैथी और आयुर्वेद सहित विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से किफायती दरों पर उपचार की सुविधा मिलेगी। लोग बाह्य रोगी के रूप में उपचार करा सकेंगे और पांच दिन से एक माह तक परिसर में रहकर भी स्वास्थ्य लाभ ले सकेंगे। परिवार के साथ ठहरने की व्यवस्था भी उपलब्ध होगी।

कार्यक्रम में सीएसजेएमयू के कुलपति प्रो. विनय पाठक, विधायक सुरेंद्र मैथानी, विधायक अरुण पाठक, विधायक अमिताभ बाजपेयी, बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष राणा समरेंद्र सिंह सांगा, डॉ. उमेश पालीवाल, राजीव महाना, गुलशन धूपर, डॉ. मनीष पटेल, डॉ. अमित कुमार श्रीवास्तव, डॉ. एसएल यादव और डॉ. कप्तान सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. ओम प्रकाश आनंद ने किया। आयोजन में अतिथियों के लिए प्राकृतिक आहार की व्यवस्था भी की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप