राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर जनपद स्तरीय गोष्ठी, ग्राम प्रधान समेत कई सम्मानित

 


-राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर ग्राम प्रधान अतर सिंह सम्मानित, कुंडरी सहारनपुर का बढ़ाया मान

फर्रुखाबाद, 26 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर फर्रुखाबाद जिले के गुरुवार को विकास भवन फतेहगढ़ में आयोजित जनपद स्तरीय गोष्ठी में कुंडरी सहारनपुर के ग्राम प्रधान अतर सिंह को सम्मानित किया गया। पशुपालन, गोवंश संरक्षण एवं गौशाला प्रबंधन के क्षेत्र में सहभागिता को लेकर आयोजित कार्यक्रम में जनपद के चयनित पांच लोगों को सम्मान प्रदान किया गया। इनमें ग्राम प्रधान अतर सिंह का नाम शामिल होने से कुंडरी सहारनपुर गांव का गौरव बढ़ा।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धीरज कुमार शर्मा तथा जनपद के नामित नोडल अधिकारी डॉ. सुबोध कुमार ने ग्राम प्रधान अतर सिंह को सम्मानित किया। उनके साथ याकूतगंज गौशाला की माधुरी देवी, बसेली के पवन कुमार, नेकपुर खुर्द के देवेंद्र कुमार और पहाड़पुर के विवेक कुमार को भी सम्मान प्रदान किया गया।

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस गोष्ठी में पशुपालन, विद्युत उत्पादन, वन संरक्षण एवं गौशाला प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने पशुपालकों को पशुओं की बेहतर देखभाल, संतुलित आहार, स्वच्छता और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण के प्रति जागरूक किया। साथ ही दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन अपनाने पर जोर दिया गया।

गोष्ठी में अधिकारियों ने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी सृजित होते हैं। गोवंश संरक्षण और गौशालाओं का बेहतर प्रबंधन भी सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र पशुपालकों तक पहुंचाना और ग्रामीण स्तर पर जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर