बाराबंकी में नौ मई को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, जागरूकता के लिए निकाली गई रैली
बाराबंकी, 02 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर 9 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए शनिवार को बाराबंकी जनपद न्यायालय परिसर में बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश प्रतिमा श्रीवास्तव ने की।
जनपद न्यायाधीश ने कहा कि लोक अदालत सुलभ, सस्ता और त्वरित न्याय का सशक्त माध्यम है। उन्होंने प्रशासन को आशा बहू और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को नोटिस और सम्मन का शत-प्रतिशत तामिला करने को कहा। बैंकों को ऋण वसूली के मामलों को प्राथमिकता पर चिन्हित कर आपसी सहमति से निस्तारण का प्रयास करने को कहा गया।
अपर जिला जज कृष्णचन्द्र सिंह ने पिछली लोक अदालत के निस्तारित वादों का विश्लेषण कर अधिक मामलों के निस्तारण पर जोर दिया। सचिव उज्ज्वल उपाध्याय ने पोस्टर, बैनर, हैंडबिल और अधिकार मित्रों के माध्यम से प्रचार की अपील की।
इसके साथ ही सुबह 10 बजे न्यायालय गेट नंबर-1 से पुलिस विभाग की ओर से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली शहर के मुख्य स्थानों पर जाकर लोक अदालत का प्रचार करते हुए वापस न्यायालय पहुंची।
बैठक में सचिव उज्ज्वल उपाध्याय, एडीएम राज कुमार सिंह यादव, एएसपी विकास चन्द्र त्रिपाठी, अग्रणी बैंक मैनेजर सौरभ मोर्या सहित विभिन्न विभागों और बैंकों के नोडल अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी