बलरामपुर में एफएमडी निःशुल्क टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, 1.97 लाख पशुओं का होगा टीकाकरण

 


बलरामपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय पशुधन नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद बलरामपुर में एफएमडी (फुट एंड माउथ डिजीज) निःशुल्क टीकाकरण अभियान का शुभारंभ बुधवार को तहसील तुलसीपुर से किया गया है। अभियान के तहत जनपद के करीब 1.97 लाख गोवंश एवं महिषवंशीय पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जायेगा। अभियान 2 जुलाई से 7 अगस्त तक अभियान चलेगा।

अभियान का शुभारंभ मुख्य अतिथि शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर के पीठाधीश्वर महंत मिथिलेश नाथ योगी महाराज, जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन तथा मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने संयुक्त रूप से टीकाकरण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना कर किया। यह विशेष अभियान 22 जुलाई से 7 अगस्त 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत जनपद के लगभग 1 लाख 97 हजार गोवंश एवं महिषवंशीय पशुओं का निःशुल्क एफएमडी टीकाकरण किया जाएगा। इसका उद्देश्य पशुओं को फुट एंड माउथ डिजीज जैसी संक्रामक बीमारी से सुरक्षित रखना, पशुधन की उत्पादकता बढ़ाना तथा पशुपालकों की आजीविका को सुदृढ़ करना है।

अभियान के शुभारंभ के बाद जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने तहसील तुलसीपुर में अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों एवं कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि एफएमडी टीकाकरण अभियान पशुधन संरक्षण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसे पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ संचालित किया जाए, ताकि जनपद का कोई भी पात्र पशु टीकाकरण से वंचित न रहे। इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सहित पशुपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी व अधिकारी उपस्थित रहे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन