राष्ट्रीय मंचों पर बयानबाजी से देश की छवि प्रभावित : हर्ष सिंह

 


कानपुर, 22 फरवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर दिए जाने वाले बयानों से देश की छवि प्रभावित होती है, ऐसे में जिम्मेदार नेताओं को शब्दों का चयन सोच-समझकर करना चाहिए। यह बातें रविवार को भाजपा किसान मोर्चा के दक्षिण जिलाध्यक्ष हर्ष सिंह ने कही।

एआई समिट के दौरान दिए गए राहुल गांधी के बयान के विरोध में आज चकेरी स्थित रामादेवी चौराहे पर भाजपा किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी राहुल गांधी का पुतला फूंकने के लिए चौराहे की ओर बढ़े, लेकिन मौके पर तैनात पुलिस ने स्थिति बिगड़ने से पहले ही पुतला छीन लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

एआई समिट में राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में गहरा रोष देखा जा रहा है। भाजपा नेताओं का कहना है कि इस तरह की टिप्पणियों से अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की छवि को नुकसान पहुंचता है और यह बयान देशहित के विरुद्ध हैं। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कांग्रेस नेतृत्व से सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण देने की मांग की।

भाजपा किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर शनिवार को क्षेत्र में चौपाल आयोजित की गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में किसानों ने हिस्सा लिया। चौपाल में मौजूद किसानों ने संगठन से इस विषय पर खुलकर विरोध दर्ज कराने की मांग की थी। इसी के क्रम में रविवार को कार्यकर्ता रामादेवी चौराहे पर एकत्र हुए और प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन के लिए आगे बढ़े।

प्रदर्शन के दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए पुतला कार्यकर्ताओं से छीन लिया और किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकते हुए भीड़ को तितर-बितर कराया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताई और सरकार से ऐसे बयानों पर कड़ा रुख अपनाने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप