पुल हादसे को युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी ने बताया संस्थागत हत्या

 


मुआवजे पर उठाए तीखे सवाल

हमीरपुर, 01 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल गिरने से छह मजदूरों की मौत को भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा ने संस्थागत हत्या करार दिया है। सोमवार को जिलाधिकारी से मुलाकात के बाद उन्होंने सरकार और निजी कंपनियों की मिलीभगत पर गंभीर आरोप लगाए। शर्मा ने कहा कि यह सरकार नहीं, बल्कि एक फाइनेंशियल कॉरपोरेशन की तरह काम कर रही है, जिसका एकमात्र उद्देश्य मुनाफा कमाना है।

कांग्रेस ने मृतकों के परिवारों को दिए जा रहे मुआवजे को अपर्याप्त बताते हुए इसे मजदूरों का अपमान बताया। मनीष शर्मा ने मांग की है कि प्रत्येक मृतक के परिजनों को ५० लाख रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। साथ ही, दोषी कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने और मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कंपनी रसूखदारों से जुड़ी है, जिससे प्रशासनिक तंत्र उसे बचाने में लगा है। इस मौके पर उनके साथ महासचिव मितेन्द्रदर्शन सिंह, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक शिवहरे, राष्ट्रीय सचिव रुपेश सिंह भदौरिया, प्रदेश महासचिव मोंटी शुक्ला, पूर्व विधायक गयादीन अनुरागी, जिलाध्यक्ष गोविन्द अहिरवार, पीसीसी पूर्व सदस्य मोहमद यूसुफ खान, पूर्व जिलाध्यक्ष हिमांशु सैनी, पूर्व सचिव देवेन्द्र मोहन चौबे, पीसीसी सदस्य संजयवीर सिंह, जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत त्रिपाठी आदि लोग मौजूद रहे। इसके बाद प्रतिनिधि मंडल ने घटना स्थल का जायजा लिया और पीड़ित परिवार से मिलकर उनको सांत्वना दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा