पेंटोग्राफ में फंसा राष्ट्रीय पक्षी मोर, 45 मिनट तक रुकी पैसेंजर ट्रेन

 


कानपुर, 15 जून (हि.स.)। कासगंज से कानपुर आ रही पैसेंजर ट्रेन सोमवार को बर्राजपुर रेलवे स्टेशन के पास उस समय रुक गई, जब एक मोर ट्रेन के इंजन के पेंटोग्राफ से टकराकर उसमें फंस गया। घटना के चलते ओवरहेड विद्युत लाइन से संपर्क प्रभावित हो गया और ट्रेन की बिजली आपूर्ति बाधित होने पर उसे तत्काल रोकना पड़ा।

सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। जांच के बाद पेंटोग्राफ में फंसे मोर को बाहर निकाला गया और विद्युत संपर्क बहाल करने के लिए आवश्यक मरम्मत की गई। तकनीकी खामी दूर होने के बाद करीब 45 मिनट की देरी से ट्रेन को दोबारा रवाना किया गया।

घटना में राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत हो गई। रेलवे कर्मचारियों ने मोर के शव को सम्मानपूर्वक स्ट्रेचर पर रखकर हटाया और तिरंगे में लपेटकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। रेलवे सूत्रों के अनुसार मोर का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद वन्यजीव संरक्षण संबंधी नियमों के तहत उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के डिप्टी चीफ ट्रैफिक मैनेजर (सीटीएम) अकांशु गोविल ने बताया कि मोर के पेंटोग्राफ में फंस जाने से विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई थी, जिसके कारण ट्रेन को एहतियातन रोकना पड़ा। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही तकनीकी टीमों को मौके पर भेजा गया और मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद रेल संचालन सामान्य कर दिया गया। साथ ही राष्ट्रीय पक्षी होने के कारण मोर के शव को पूरे सम्मान के साथ हटाकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप