‘हर युवा एक व्यक्ति को नशे की लत से कराएं मुक्त’ : आनंदीबेन पटेल

 

उत्तर प्रदेश में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान का भव्य शुभारंभ

लखनऊ, 02 अगस्त (हि.स.)। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत (माय भारत) द्वारा संचालित राष्ट्रव्यापी ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान का प्रदेश स्तरीय शुभारंभ रविवार को किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय लखनऊ के प्रशासनिक भवन स्थित ब्राउन हॉल से हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव उपस्थित रहें।

कार्यक्रम मेंकेजीएमयू के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी वर्चुअल संबोधन से जुड़कर ‘नशामुक्त एवं विकसित भारत’ के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।

‘हर युवा एक व्यक्ति को नशे की लत से मुक्त कराए’

अपने संबोधन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक युवा कम-से-कम एक ऐसे व्यक्ति को नशे की लत से मुक्त कराने का संकल्प ले। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक युवा एक व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास करे, तो नशामुक्त समाज का लक्ष्य शीघ्र प्राप्त किया जा सकता है।

उन्होंने केजीएमयू द्वारा गोद लिए गए पाँच ग्रामों का विशेष उल्लेख करते हुए सुझाव दिया कि विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को 10-10 सदस्यीय समूहों में विभाजित कर प्रत्येक घर का सर्वेक्षण करना चाहिए, नशे से प्रभावित व्यक्तियों की पहचान करनी चाहिए तथा चिकित्सकीय परामर्श, जन-जागरूकता और सतत संवाद के माध्यम से उन्हें नशे की लत से बाहर लाने का प्रयास करना चाहिए।

राज्यपाल ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा का उद्देश्य केवल रोगों का उपचार करना नहीं, बल्कि समाज को स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार बनाना भी है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए नशामुक्ति अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।

अपने जीवन का उदाहरण साझा करते हुए उन्होंने कहा कि वे आज भी अपना भोजन स्वयं बनाती हैं। उन्होंने युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का संदेश देते हुए कहा कि हर युवक और हर युवती को भोजन बनाना अवश्य आना चाहिए। उन्होंने बाहर के भोजन तथा ऑनलाइन फूड ऑर्डर पर अनावश्यक निर्भरता कम करने तथा पौष्टिक एवं स्वास्थ्यवर्धक घरेलू भोजन अपनाने की प्रेरणा दी।

युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत : गिरीश चन्द्र यादव

उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को सकारात्मक दिशा देने, खेल एवं फिटनेस संस्कृति को बढ़ावा देने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशामुक्ति का संदेश अपने परिवार, मित्रों, शिक्षण संस्थानों और समाज तक पहुँचाकर इसे जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाएं।

स्वस्थ जीवनशैली ही नशामुक्त समाज की आधारशिला : प्रो. (डॉ.) सोनिया नित्यानंद

केजीएमयू की कुलपति पद्मश्री प्रो. (डॉ.) सोनिया नित्यानंद ने कहा कि युवा यदि अनुशासन, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं तो वे अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का सर्वोत्तम उपयोग राष्ट्र निर्माण में कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि नशे से दूर रहकर ही युवा अपने सपनों को साकार कर सकते हैं और समाज के लिए प्रेरणा बन सकते हैं।

जनभागीदारी से बनेगा जन-आंदोलन

युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के सचिव सुहास एल.वाई. ने युवाओं से आह्वान किया कि वे समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनें तथा नशामुक्ति के संदेश को प्रत्येक समुदाय तक पहुँचाएँ।

माय भारत उत्तर प्रदेश के राज्य निदेशक गोपेश पाण्डेय ने बताया कि यह अभियान केवल एक दिवसीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि अगले 100 सप्ताह तक चलने वाला व्यापक जन-अभियान है। इसके अंतर्गत प्रदेशभर में वाकाथॉन, खेल एवं फिटनेस गतिविधियाँ, योग एवं ध्यान सत्र, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जनसंवाद, डिजिटल ई-प्लेज अभियान तथा जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की रचनात्मक प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन