विपक्ष ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के खिलाफ मतदान कर आधी आबादी का किया अपमान : प्रकाश पाल
कानपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने वाले दलों ने देश की मातृ शक्ति का अपमान किया है और महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ अपना चेहरा उजागर किया है। यह विधेयक महिलाओं को उनका संवैधानिक हक देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है, जिसे रोकने की कोशिश दुर्भाग्यपूर्ण है। देश की महिलाएं अब इसका जवाब देंगी और विरोध करने वालों से हिसाब मांगा जाएगा। संसद में इस बिल के खिलाफ मतदान कर विपक्ष ने अपने महिला विरोधी चरित्र को सामने ला दिया है। यह बातें शुक्रवार को भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कही।
भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने इस विधेयक के खिलाफ मतदान कर संसदीय मर्यादाओं को तोड़ा है और देश की आधी आबादी का अपमान किया है।
प्रकाश पाल ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि आजादी के बाद से ही कांग्रेस ने महिलाओं को सशक्त होने से रोकने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए आगे आए, तो विपक्ष ने एकजुट होकर इसे रोकने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि देश की महिलाएं इस व्यवहार को कभी नहीं भूलेंगी और अब विरोध करने वाले दलों को जवाब देंगी।
भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने भी विपक्ष की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि संसद में इस विधेयक के खिलाफ मतदान ने विपक्ष के दोहरे चरित्र को उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से महिलाओं में आक्रोश है, जो अब सड़कों पर भी दिखाई दे रहा है।
विपक्ष के विरोध के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा ने देर रात परेड चौराहे पर प्रदर्शन किया। महिला कार्यकर्ताओं ने “मातृ शक्ति के सम्मान में, भाजपा मैदान में” के नारे लगाए और विपक्ष का पुतला बनाकर जुलूस निकाला। इसके बाद आक्रोशित महिलाओं ने पुतले का दहन कर विरोध दर्ज कराया और संदेश दिया कि महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ खड़े होने वालों को जनता स्वीकार नहीं करेगी।
प्रदर्शन में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक नीलिमा कटियार, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, महामंत्री प्रमोद विश्वकर्मा, सरोज सिंह, सीमा, पूनम कपूर, किरन तिवारी, रीता पासवान, नवाब सिंह, बबीता निगम, अभिमन्यु सक्सेना, हर्षित श्रीवास्तव, शुभ्रा अवस्थी, विनोद पाल, प्रशांत त्रिपाठी, राधा सैनी सहित सैकड़ों महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप