मादक पदार्थों की तस्करी रोकने को यूपी–एमपी पुलिस की संयुक्त रणनीति
ओरछा में हुई अंतर्राज्यीय बॉर्डर मीटिंग
झांसी, 03 जुलाई (हि.स.)। मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने और सीमावर्ती क्षेत्रों में अंतर्राज्यीय समन्वय को मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के ओरछा में अंतर्राज्यीय बॉर्डर मीटिंग आयोजित की गई।
बैठक में उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भाग लेते हुए संयुक्त रणनीति तैयार की।
यह बैठक भारत सरकार के केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा 9वीं एपेक्स लेवल कमेटी (NCORD) की बैठक में दिए गए निर्देशों तथा पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित की गई। बैठक का आयोजन पुलिस उप महानिरीक्षक छतरपुर रेंज विजय कुमार खत्री के निर्देशन में हुआ, जिसमें सागर जोन (मध्य प्रदेश) एवं उत्तर प्रदेश के झांसी और ललितपुर जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में झांसी परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक आकाश कुलहरि, सागर जोन के पुलिस महानिरीक्षक मिथिलेश कुमार शुक्ला, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति, पुलिस अधीक्षक ललितपुर मोहम्मद मुस्ताक, पुलिस अधीक्षक निवाड़ी डॉ. राय सिंह नरवरिया, पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया, पुलिस अधीक्षक छतरपुर रजत सकलेचा, पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ मनोहर सिंह मंडलोई, पुलिस अधीक्षक पन्ना निवेदिता नायडू तथा पुलिस अधीक्षक दमोह आनंद कलादगी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में नारकोटिक ड्रग्स एवं साइकोट्रॉपिक पदार्थों (एनडीपीएस) की तस्करी रोकने, ड्रग पैडलरों और सक्रिय गिरोहों के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई, फरार एवं पूर्व में गिरफ्तार अपराधियों की जानकारी साझा करने, खुफिया सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान तथा सीमावर्ती जिलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिले आपसी समन्वय के साथ मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध परिवहन और नशे के कारोबार में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध लगातार संयुक्त अभियान चलाएंगे। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि सूचना साझा करने और समन्वित कार्रवाई से नशा तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा तथा 'नशामुक्त भारत' के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण सफलता मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया