न नि : शहर के विकास पर खर्च होंगे 4 अरब 90 करोड़, कार्यकारिणी बैठक में बजट को मंजूरी

 




--विभिन्न विकास योजनाओं और शहर की मूलभूत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा

झांसी, 25 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में नगर निगम की कार्यकारिणी बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के मूल बजट को मंजूरी दे दी गई है। महापौर बिहारी लाल आर्य की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में शहर के विकास के लिए करीब 4 अरब 90 करोड़ 62 लाख रुपये के बजट पर सहमति बनी है। बैठक में कार्यकारिणी सदस्यों ने विभिन्न विकास योजनाओं और शहर की मूलभूत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।

प्रस्तावित बजट में राजस्व और पूंजीगत मदों को मिलाकर कुल आय 49062.87 लाख रुपये निर्धारित की गई है। बजट पर विचार-विमर्श के दौरान सदस्यों ने साफ-सफाई, नाली-नालों की व्यवस्था, सड़क निर्माण, बिजली-पानी, पार्किंग और अतिक्रमण जैसी समस्याओं के समाधान पर जोर दिया।

कार्यकारिणी सदस्य महेश गौतम ने नगर निगम के कार्यों में तेजी लाने की आवश्यकता बताई और सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कराने पर बल दिया। वहीं विकास खत्री और बंटी राजा ने सीपरी बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण की समस्या को प्रमुखता से उठाया। पार्षद मुकेश सोनी और लखन कुशवाहा ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और अधूरे कार्यों को लेकर सुझाव दिए।

नगर आयुक्त आकांक्षा राणा ने बताया कि शहर की समस्याओं के समाधान के लिए टीम बनाकर कार्य किया जा रहा है और सदन में पारित प्रस्तावों को प्राथमिकता के साथ लागू किया जा रहा है। महापौर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक वार्ड में तय 10 लाख रुपये के कार्यों को शीघ्र पूरा कराया जाए और छोटी-छोटी समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।

बैठक में उपसभापति आशीष तिवारी सहित विकास खत्री, बंटी राजा, बंटी सोनी, प्रवीण लखेरा, लखन कुशवाहा, भरत सेन, बाल स्वरूप साहू, श्रीमती रश्मि अहिरवार, मोनिका गुप्ता सहित अपर नगर आयुक्त राहुल यादव, अपर नगर आयुक्त रोली गुप्ता, चीफ इंजीनियर राजवीर सिंह, मुख्य लेखा अधिकारी नरेंद्र गरखल, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अवधेश कुमार, अधिशासी अभियंता नीना सिंह, सदन प्रभारी डॉ. राघवेंद्र सिंह निरंजन आदि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया