नन्द बाबा दुग्ध मिशन : मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के 28 लाभार्थियों का ई-लॉटरी से चयन
बांदा, 30 जुलाई (हि.स.)। नन्द बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत संचालित मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना (वित्तीय वर्ष 2026-27) के तहत गुरुवार को उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में महर्षि बामदेव सभागार, कलेक्ट्रेट में ई-लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया गया। चयन प्रक्रिया जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में गठित डिस्ट्रिक्ट एग्जीक्यूटिव कमेटी तथा उपस्थित आवेदकों की मौजूदगी में संपन्न हुई। योजना के लिए विभागीय पोर्टल पर कुल 259 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 239 आवेदन ई-लॉटरी के लिए पात्र पाए गए।
जनपद बांदा को आवंटित 28 लाभार्थियों (14 महिला एवं 14 पुरुष) के लक्ष्य के सापेक्ष सभी 28 लाभार्थियों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित पशुपालकों को मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि योजना का उद्देश्य प्रदेश में गिर, साहीवाल, थारपारकर एवं हरियाणा जैसी उन्नत स्वदेशी नस्ल की गायों की संख्या बढ़ाना, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि करना तथा उत्तर प्रदेश को दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी बनाए रखना है। इससे प्रति व्यक्ति दुग्ध उपलब्धता बढ़ेगी और ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं एवं महिलाओं को पशुपालन के माध्यम से स्थायी रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडे ने बताया कि योजना के तहत 50 प्रतिशत लक्ष्य महिलाओं के लिए आरक्षित रखा गया है। पात्र पशुपालकों को प्रदेश के बाहर से स्वदेशी उन्नत नस्ल की दो दुधारू गायों की इकाई स्थापित करने के लिए इकाई लागत का 40 प्रतिशत, अधिकतम 80 हजार रुपये का अनुदान दिया जाएगा। यह राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
चयन बैठक में मुख्य विकास अधिकारी (उपाध्यक्ष, डिस्ट्रिक्ट एग्जीक्यूटिव कमेटी, नन्द बाबा दुग्ध मिशन), जिला विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, मुख्य कोषाधिकारी तथा जिला समन्वयक, नन्द बाबा दुग्ध मिशन (सदस्य-सचिव) सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह