नमो सेवा’ के मंच से गूंजेगा पीएम माेदी का संघर्ष और सेवा संदेश : अनिल दीक्षित
कानपुर, 20 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के संघर्ष, सेवा और राष्ट्रसमर्पण की गाथाओं को नाट्य मंचन के जरिए जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। 22 से 28 सितंबर तक प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 20 स्थानों पर ‘नमो सेवा- अनकही कहानियां’ का मंचन होगा। यह जानकारी रविवार को भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने रविवार को जिला भाजपा कार्यालय नवीन मार्केट में आयोजित प्रेस वार्ता में कही।
जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत अलग-अलग स्थानों पर नाट्य मंचन के माध्यम से प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन से जुड़ी प्रेरक घटनाओं को प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक भव्य नाट्य प्रस्तुति भी आयोजित की जाएगी। अभियान के जरिए युवाओं और आम लोगों को प्रधानमंत्री के संघर्ष और सेवा भाव से परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा।
अभियान संयोजक एवं जिला महामंत्री प्रमोद विश्वकर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने जन्मदिन को व्यक्तिगत उत्सव के बजाय सेवा संकल्प से जोड़कर कार्यकर्ताओं को जनसेवा का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति सेवा और समर्पण पर केंद्रित है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष के नेता विदेशों में जाकर जन्मदिन मनाते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप