रंगमंच पर जीवंत होगी पीएम माेदी के 25 वर्षों की सेवा यात्रा
मुरादाबाद, 20 सितम्बर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद महानगर के अध्यक्ष गिरीश भंडूला और जिलाध्यक्ष आकाश पाल ने रविवार शाम को पार्टी कार्यालय पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के इन 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की यात्रा को केंद्र में रखते हुए ‘नमो नमो-राष्ट्र ही सर्वोपरि’ नामक भव्य नाट्य प्रस्तुति का आयोजन किया जाएगा। देश के विभिन्न राज्यों में आयोजित होने वाले इस सांस्कृतिक अभियान की कड़ी में जिला मुरादाबाद में भी व्यापक स्तर पर नाट्य मंचन किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में गिरीश भंडूला और आकाश पाल ने आगे बताया कि नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक भूमिका से लेकर देश के प्रधानमंत्री के रूप में उनकी यात्रा को संवाद, अभिनय, संगीत और प्रभावशाली मंचन के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें सेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं को दर्शकों के सामने जीवंत रूप में रखने का प्रयास किया जाएगा इस अभियान का उद्देश्य सेवा, सुशासन, संवेदना और राष्ट्र निर्माण के संदेश को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाना है। प्रस्तुति के माध्यम से विकास और जनसेवा से जुड़े विषयों को सांस्कृतिक एवं नाट्य माध्यम से आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा
जिला मुरादाबाद में इस अभियान के अंतर्गत 120 व महानगर में 60 स्थानों पर नाट्य मंचन किए जाने की योजना है। इसके साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जनसंवाद स्थापित किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में जिला मीडिया प्रभारी संजय ढाका ,महानगर मीडिया प्रभारी अर्चित ,महानगर मीडिया सह प्रभारी भरत टंडन उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल