नागरी प्रचारिणी सभा देवरिया की कवि गोष्ठी में कवियों ने दिखाया देश—समाज को आइना
देवरिया, 12 अप्रैल (हि.स.)। नागरी प्रचारिणी सभा देवरिया द्वारा आयाेजित द्वितीय रविवारीय कवि गोष्ठी में कवियों ने विविधि विधाओं की कविताएं पढ़ कर देश और समाज को आइना दिखाया। कार्यक्रम का शुभारंभ सौदागर सिंह द्वारा प्रस्तुत वाणी वंदना “जय जय जय वीणावादिनी, जय जय वीणा पाणि” से हुआ। सदर विधायक डॉ शलभ मणि त्रिपाठी ने दाे प्रमुख रचनाओं का लोेकार्पण करते हुए आयोजन की सराहना की।
काव्य पाठ की शुरुआत करते हुए कवयित्री कीर्ति त्रिपाठी ने प्रेम क्यों मैं लिख नहीं पायी कविता के माध्यम से याज्ञसेनी द्रौपदी की मनोदशा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। इसके पश्चात रंजीता श्रीवास्तव ने कोरे कागज की तरह खुद को संभालकर रखी हूं कविता सुनाकर सराहना प्राप्त की। सच्चिदानंद सबेरा ने भोजपुरी गीत “बबुआ डुबी जइब नरक में… के माध्यम से माँ के महत्व को उजागर किया।
गोंडा से आए कवि रामनरेश मणि ने हिंद देश में रहते हैं, हिन्दी हमारी पहचान है गीत प्रस्तुत किया। गीतकार दयाशंकर कुशवाहा ने चल रही कैसी हवा, जल रहा तन-मन यहां सुनाकर वातावरण को भावपूर्ण बना दिया। नित्यानंद आनन्द ने भोजपुरी भाषा की विशेषता पर आधारित गीत भोजपुरी शान ह… प्रस्तुत किया। सरोज कुमार पाण्डेय ने हमरे जियरा में उठेला तूफान… गीत से श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं।
इस अवसर पर कौशल किशोर मणि, सूर्य नारायण गुप्त ‘सूर्य’, राम तेज शर्मा, रानी दुर्गावती, सीमा नयन, संतोष कुमार विश्वकर्मा, योगेन्द्र तिवारी ‘योगी’, संजय आदि कवियों ने भी अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम के अंतर्गत स्वर्गीय राम सेवक मिश्र की कृति राघव शतक तथा सूर्य नारायण गुप्त ‘सूर्य’ की कृति हाइकू वाटिका का लोकार्पण सदर विधायक डॉ शलभ मणि त्रिपाठी, सभाध्यक्ष डॉ जयनाथ मणि त्रिपाठी, मंत्री डॉ अनिल कुमार त्रिपाठी, उपाध्यक्ष इन्द्र कुमार दीक्षित एवं डॉ दिवाकर प्रसाद तिवारी द्वारा किया गया।
लोकार्पण के पश्चात डॉ दिवाकर प्रसाद तिवारी ने कहा कि राम सेवक मिश्र एक महान व्यक्तित्व थे, जिन्होंने ‘विश्वामित्र’ और ‘राष्ट्रधर्म’ जैसी पत्रिकाओं का संपादन किया, किंतु उन्हें अपेक्षित पहचान नहीं मिल सकी। मुख्य अतिथि डॉ शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि उनके साथ समाज द्वारा अन्याय हुआ, जिसकी भरपाई उनके पुत्र आत्म प्रकाश मिश्र द्वारा की जा रही है, जो सराहनीय है।
कार्यक्रम का संचालन एम.पी. गोड़ ने किया तथा मंत्री डॉ अनिल कुमार त्रिपाठी ने आभार व्यक्त किया। अध्यक्ष डॉ जयनाथ मणि त्रिपाठी ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन आत्म प्रकाश मिश्र द्वारा किया गया तथा राष्ट्रगान के साथ समापन हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक