नगर निगम ने चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान, वसूला जुर्माना

 


कानपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। नगर निगम के जोन-4 क्षेत्र में सोमवार को व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। जोनल अधिकारी राजेश सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई बनखंडेश्वर चौराहे से बनखंडेश्वर मंदिर, प्रेमनगर चौराहा होते हुए मोहम्मद अली पार्क तक सड़क के दोनों ओर फुटपाथों और पटरी क्षेत्रों में की गई। अभियान का उद्देश्य आम लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत दिलाना और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना था।

अभियान के दौरान सार्वजनिक मार्ग और फुटपाथों से करीब 80 टीन शेड, 60 तख्त/टट्टर, आठ बड़ी गुमटियां, 45 अवैध पक्के निर्माण (जीने और दीवारें), 80 कटआउट/होर्डिंग, 25 साइन बोर्ड, 28 बेंच तथा एक जनरेटर हटाया गया। इस दौरान 25 हजार रुपये का यूजर चार्ज भी वसूला गया। नगर निगम ने अतिक्रमण करने वालों को भविष्य में दोबारा कब्जा न करने की चेतावनी भी दी।

कार्रवाई के दौरान सीसामऊ, बजरिया और चमनगंज थानों की पुलिस, राजस्व विभाग के अधिकारी, अभियंत्रण विभाग की जोन-4 टीम तथा नगर निगम की प्रवर्तन टीम मौजूद रही।

अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप