ग्राम प्रधान के बेटे की दिनदहाड़े हत्या,पुलिस जांच में जुटी
रायबरेली,12सितम्बर(हि. स.)।उत्तर प्रदेश के रायबरेली में शनिवार को दिनदहाड़े ग्राम प्रधान के बेटे की निर्मम हत्या कर दी गई।हत्यारे शव को बीच सड़क पर छोड़कर भाग निकले। घटना को लेकर ग्रामीणों ने दहशत में अपने-अपने घरों के दरवाजे तक बंद कर लिए। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस फोरेंसिक टीम की मदद से जांच में जुटी हुई है।
जिले के हरचंदपुर थाना क्षेत्र के छतैय्या गांव निवासी रमाकांत(36) पुत्र गणेश प्रसाद अपने कुछ साथियों के साथ कार से बछरावां थाना क्षेत्र के खैरहनी गांव में शनिवार की दोपहर गया था। ग्रामीणों के अनुसार यहां पर कुछ युवकों से उसका विवाद हो गया। इसी बीच एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर रमाकांत की हत्या कर दी। इसके बाद रमाकांत के साथ आए उसके अन्य साथी कार छोड़कर मौके से भाग खड़े हुए, जबकि घटना को अंजाम देने वाले आरोपित भी वहां से फरार हो गए।
दिनदहाड़े हुई हत्या को लेकर ग्रामीणों में दहशत है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थानाध्यक्ष श्याम कुमार पाल ने बताया कि युवक की लाठी -डंडों से पीट कर हत्या की गई है। शव को कब्जे में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे