दो घंटे की बारिश में पानी से लबालब हुई पीतलनगरी
मुरादाबाद, 16 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की पीतलनगरी मुरादाबाद में रविवार को दो घंटे की मामूली बारिश ने एक बार फिर नगर निगम के दावों की पोल खोल दी। प्रमुख बाजारों की सड़कें हों या पाश कॉलोनियों की, गली मोहल्लों की भांति वह भी तालाब में बदल गई। हालांकि आज की इस बारिश से मुरादाबाद का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम से मुरादाबाद में बादल छाए हुए थे, लेकिन उमस भरी गर्मी और हवा न चलने के कारण लोग बेहाल थे। रविवार सुबह 11 बजे अचानक आसमान में काले बादल छा गए और देखते ही देखते दोपहर 12 बजे से दोपहर दो बजे तक हुई झमाझम बारिश ने जहां उमस भरी गर्मी से छुटकारा दिलाया। वहीं इस बारिश से पीतलनगरी जलमग्न हो गई। आवास विकास की बुद्धि विहार कॉलोनी मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की रामगंगा विहार, दीनदयाल नगर, नवीन नगर कॉलोनियों के साथ कटघर, बुध बाजार, अशोक नगर, प्रभात मार्केट, जीएमडी रोड, भोलनाथ कॉलोनी, लाइनपार बांग्ला गांव, चक्कर की मिलक, नवाबपुरा, असालतपुरा, लाजपतनगर, गांधीनगर आदि कई मोहल्ले बारिश के पानी से लबालब हो गए, जिससे आवागमन काफी प्रभावित हो गया।
मौसम विशेषज्ञ प्रो. एके सिंह के अनुसार, गुरुवार तक मुरादाबाद में बूंदाबंदी और बारिश का अलर्ट हैं, शुक्रवार से मौसम साफ होने की उम्मीद है।
उधर, बारिश से जलभराव को लेकर महापौर विनोद अग्रवाल ने बताया कि मानसून आने से पूर्व नगर निगम द्वारा महानगर व सभी वार्डों में नाले नालियों की तड़ी झाड़ सफाई कराई गई थी। लेकिन बारिश के दौरान नालियां चौक होने की वजह से कॉलोनी व मोहल्ले में बारिश का पानी कुछ घंटे के लिए भर गया था, जिसे नगर निगम की टीमों द्वारा निकलवाया गया।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल